स्लीपर क्लास यात्रियों के लिए खुशखबरी: अब AC कोच की तरह मिलेगी बेडरोल सुविधा, 1 जनवरी 2026 से शुरू
Good news for sleeper class passengers: Bedroll facility will now be available like in AC coaches, starting January 1, 2026
हैदराबाद: भारतीय रेलवे ने स्लीपर क्लास में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू करने का फैसला किया है। अब स्लीपर कोच के यात्रियों को भी AC कोच की तरह तकिया, कंबल और साफ-सुथरी चादर मिलेगी। सबसे बड़ी राहत यह होगी कि यात्रियों को अपना बेडरोल साथ लेकर नहीं चलना पड़ेगा। यह सुविधा सर्विस ऑन-डिमांड मॉडल पर उपलब्ध कराई जाएगी, यानी जरूरत पड़ने पर यात्री मामूली शुल्क देकर बेडरोल ले सकेंगे।
1 जनवरी 2026 से शुरू होगी सेवा
दक्षिण रेलवे के चेन्नई डिवीजन द्वारा 1 जनवरी 2026 से चुनिंदा ट्रेनों में यह सुविधा शुरू की जा रही है। शुरुआत दक्षिण भारत की कुछ प्रमुख ट्रेनों से होगी। यात्रियों को तुरंत उपयोग योग्य पूरी तरह सैनिटाइज्ड बेडरोल मिलेगा, जिसे पाने के लिए उन्हें गार्ड या ट्रेन स्टाफ को अनुरोध करना होगा और तय शुल्क चुकाना होगा।
पायलट प्रोजेक्ट में मिला शानदार रिस्पॉन्स
NINFRIS स्कीम के तहत वर्ष 2023-24 में इस सुविधा का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया था। यात्रियों से मिले सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद रेलवे ने इसे स्थाई रूप से लागू करने का निर्णय लिया। रेलवे का मानना है कि रात की यात्रा के दौरान यह सुविधा स्लीपर क्लास के यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
सुविधा की जरूरत क्यों पड़ी?
स्लीपर क्लास में यात्रा करने वाले कई यात्रियों के पास महंगे AC टिकट लेने की क्षमता नहीं होती। वहीं, ठंडे मौसम में कंबल या चादर के अभाव में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। मजबूरी में कई यात्री भारी बेडरोल लेकर सफर करते थे, जिससे यात्रा असुविधाजनक हो जाती थी। नई व्यवस्था से यह परेशानी काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
कितना लगेगा चार्ज?
रेलवे ने बेडरोल के दाम बेहद किफायती रखे हैं:
- सिर्फ बेडशीट: ₹20
- तकिया + तकिया कवर: ₹30
- पूरा सेट (बेडशीट + तकिया + कवर): ₹50
पैक्ड और साफ-सुथरा बेडरोल यात्री को तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा।
इन ट्रेनों में मिलेगी सुविधा
- 12671/12672 नीलगिरि सुपरफास्ट एक्सप्रेस
- 22651/22652 पालघाट एक्सप्रेस
- 22657/22658 तांबरम–नागरकोइल सुपरफास्ट
- 12685/12686 मंगलुरू सुपरफास्ट एक्सप्रेस
- 16179/16180 मनारगुड़ी एक्सप्रेस
- 12695/12696 तिरुवनंतपुरम सुपरफास्ट एक्सप्रेस
- 20605/20606 तिरुचेंदूर सुपरफास्ट एक्सप्रेस
- 16159/16160 मंगलुरू एक्सप्रेस
- 20681/20682 सिलंबु सुपरफास्ट एक्सप्रेस
- 22639/22640 अलेप्पी सुपरफास्ट एक्सप्रेस
स्लीपर क्लास यात्रियों के लिए यह सुविधा उनकी यात्रा को न सिर्फ आरामदायक बनाएगी, बल्कि रेलवे की आधुनिक और ग्राहक केंद्रित सेवाओं का एक बड़ा कदम भी साबित होगी।



