उत्तराखंड SIR में 17.05 लाख वोटर्स के नाम हटे, अब फिर जुड़ने का मौका; 8 अक्टूबर से स्पेशल कैंप
Names of 17.05 lakh voters removed in Uttarakhand; chance to re-enroll now; special camps start October 8.
देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 3 अक्टूबर 2026 को जारी अंतिम मतदाता सूची के बाद प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं। वहीं, 6 जनवरी 2025 की सूची में 84,29,459 मतदाता थे। इस तरह करीब 17.05 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। अब चुनाव आयोग के निर्देश पर इन नामों की दोबारा जांच और पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है।
8 अक्टूबर से शुरू होंगे विशेष कैंप
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार उत्तराखंड में 8 अक्टूबर से विशेष अभियान शुरू होगा। पहले चरण में 8 से 10 अक्टूबर तक सभी मतदान केंद्रों पर स्पेशल कैंप लगाए जाएंगे। यहां मौजूदा मतदाता सूची का प्री-SIR से पहले की सूची से मिलान किया जाएगा।
इस प्रक्रिया का उद्देश्य उन मतदाताओं की पहचान करना है, जिनके नाम पुनरीक्षण के दौरान सूची से हट गए हैं, लेकिन वे अभी भी पात्र हैं। मतदाताओं को अपने नाम की स्थिति जांचने और जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का मौका मिलेगा।
12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर पहुंचेगा अभियान
विशेष कैंप के बाद 12 से 20 अक्टूबर तक हाउस-टू-हाउस अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे।
जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं, उनकी पहचान की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मौके पर ही Form-6 भरवाया जाएगा। इसके जरिए पात्र व्यक्ति दोबारा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेगा। BLO की ओर से जुटाई गई जानकारी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ भी साझा की जाएगी।
17.05 लाख नाम हटने की पूरी तस्वीर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के मुताबिक यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार 6 जनवरी 2025 की सूची को आधार बनाकर पुनरीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
20 मई 2026 से पहले हुए प्री-SIR में 7,73,445 नाम हटाए गए थे। इसी अवधि में 2,71,404 नए मतदाता जोड़े गए। इसके बाद SIR के लिए सूची फ्रीज होने के समय प्रदेश में 79,27,418 मतदाता थे।
SIR के दौरान 8,26,977 नाम ASDD श्रेणी में पाए गए। इसके अलावा 1,04,708 नाम अपात्र यानी इनएलिजिबल श्रेणी में मिले। इन नामों को सूची से हटाया गया। वहीं, SIR के दौरान 1,29,872 नए मतदाताओं को जोड़ा गया।
अब नाम जुड़ने की उम्मीद
पूरी प्रक्रिया को देखें तो जनवरी 2025 से 3 अक्टूबर 2026 तक 17,05,130 नाम हटाए गए, जबकि 4,01,276 नए नाम जोड़े गए। अब अक्टूबर में चलने वाले विशेष अभियान से पात्र लोगों के नाम दोबारा शामिल होने की संभावना है।
ऐसे में जिन लोगों का नाम अंतिम मतदाता सूची में नहीं है, उनके लिए आगामी कैंप और घर-घर अभियान महत्वपूर्ण होगा। पात्र मतदाताओं को अपने दस्तावेज और जरूरी जानकारी तैयार रखने की सलाह दी जा रही है।

