House of Himalayas: 6 करोड़ के पार पहुंची बिक्री, 5,500 ग्रामीण महिलाओं को मिला सीधा फायदा
Sales cross ₹6 crore; 5,500 rural women directly benefited
देहरादून: उत्तराखंड के पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पाद अब बड़े बाजार तक अपनी पहुंच बना रहे हैं। राज्य के अंब्रेला ब्रांड House of Himalayas ने लॉन्च के बाद से करीब 6 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया है। सरकार के मुताबिक, इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बेहतर ब्रांडिंग के साथ देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाना और ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को मजबूत करना है।
दिसंबर 2023 में PM मोदी ने किया था लॉन्च
House of Himalayas को दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉन्च किया था। उस समय इसे ‘Vocal for Local’ और ‘Local for Global’ की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तौर पर पेश किया गया था। इसके बाद ब्रांड के जरिए उत्तराखंड के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को एक साझा पहचान देने पर जोर दिया गया।
ब्रांड के तहत उत्पादों को आधुनिक पैकेजिंग, गुणवत्ता मानकों और एकीकृत ब्रांडिंग के साथ बाजार में उतारा जा रहा है। फिलहाल 83 उत्पाद, जिनमें 60 विशिष्ट उत्पाद शामिल हैं, इस ब्रांड का हिस्सा बताए गए हैं। इनमें पहाड़ी दालें, अनाज, मिलेट्स, चावल, मसाले, शहद, तेल-घी, हर्बल और पर्सनल केयर उत्पाद, बेकरी आइटम तथा हस्तशिल्प जैसी श्रेणियां शामिल हैं।
5,500 महिलाओं से जुड़ा है कारोबार
House of Himalayas की सबसे खास बात इसका महिला-केंद्रित आजीविका मॉडल है। सरकार के अनुसार, 55 क्लस्टर लेवल फेडरेशन से जुड़ी करीब 5,500 प्रत्यक्ष महिला लाभार्थी इस ब्रांड से संबंधित आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर जुड़े कारोबारियों और उत्पादकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ब्रांड के जरिए महिलाओं, किसानों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य गांवों में तैयार होने वाले उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना और इसका आर्थिक लाभ स्थानीय उत्पादकों तक पहुंचाना है।
Amazon से लेकर Quick Commerce तक पहुंच
अब House of Himalayas की बिक्री केवल स्थानीय दुकानों तक सीमित नहीं है। इसके उत्पाद Amazon और Flipkart जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। वहीं Blinkit, Swiggy Instamart और BigBasket के जरिए भी ग्राहक कई उत्पाद खरीद सकते हैं। ब्रांड की अपनी D2C वेबसाइट से देशभर में सीधे ऑर्डर करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
विदेशों तक पहुंच रहे पहाड़ी उत्पाद
ब्रांड की पहुंच अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक भी बढ़ाई जा रही है। सरकार के अनुसार, Amazon Global के माध्यम से House of Himalayas के कुछ उत्पाद अमेरिका और कनाडा जैसे बाजारों में भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राज्य और देश की सीमाओं से बाहर नए ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
6 करोड़ रुपये के कारोबार का आंकड़ा इस पहल के विस्तार को दिखाता है। आगे उत्पादों की संख्या और बाजार पहुंच बढ़ने से ग्रामीण उत्पादकों और महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

