उत्तराखंड

देहरादून ट्रिपल मर्डर केस का खुलासा, 600 रुपये की मजदूरी के विवाद में तीन लोगों की हत्या

Dehradun triple murder case solved, three people killed over a wage dispute of ₹600

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रायपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे महज 600 रुपये की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिजनौर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में देहरादून के इंद्रेश नगर इलाके में रह रहा था।

मजदूरी के पैसे को लेकर हुआ विवाद

पुलिस जांच के अनुसार आरोपी राजकुमार पेशे से प्लंबर है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम करता था। मंगलवार को भी उसे दंपती ने काम के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा करने के बाद राजकुमार ने अपनी मजदूरी के तौर पर 600 रुपये मांगे।

आरोप है कि बुजुर्ग दंपती उसे केवल 300 रुपये देने की बात कह रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान दंपती ने उसके साथ गाली-गलौज की, जिससे वह गुस्से में आ गया।

पेचकस से किया हमला

पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद राजकुमार ने अपने पास मौजूद पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। इसी दौरान उनकी आवाज सुनकर पड़ोस के मकान में काम करने वाली महिला मौके पर पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने उसे भी पेचकस से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर तीनों लोग गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने उन्हें तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

तीनों मृतकों की हुई पहचान

इस घटना में 75 वर्षीय रजनी कपूर, 80 वर्षीय रमेश कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला की मौत हुई है। तिलया देवी पड़ोस के घर में घरेलू काम करती थीं और कथित तौर पर बीच-बचाव करने के दौरान हमले का शिकार हुईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद मृतकों के परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया।

मौके से पेचकस और सोने की चेन बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के मुताबिक, राजकुमार मूल रूप से बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बांदा का रहने वाला है। वह वर्तमान में देहरादून के सहारनपुर चौक के पास इंद्रेश नगर में रह रहा था।

CCTV फुटेज भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आरोपी को बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाते हुए देखा गया है। पुलिस हत्या के पीछे मजदूरी विवाद के अलावा अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। मामले में बरामद साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!