देहरादून-पांवटा हाईवे पर बड़ा हादसा, बाइक सवार को बचाने में खेत में पलटी बस, 5 घायल
Major accident on Dehradun-Paonta Highway, bus overturns in a field while trying to avoid a motorcyclist, 5 injured
विकासनगर: देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर यात्रियों से भरी एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। सिंहनीवाला के पास सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा गिरी और पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 15 से 20 यात्री सवार थे।
बाइक सवार को बचाने में बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार, निजी बस विकासनगर से देहरादून की ओर जा रही थी। शेरपुर के पास सामने से एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। उसे बचाने की कोशिश में चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते बस सड़क से नीचे उतर गई और खेत में जाकर पलट गई।
बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। कुछ यात्रियों को चोटें आईं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
पांच लोग घायल, सभी खतरे से बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही सहसपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं है।
सहसपुर थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे शेरपुर के पास हुआ। बस सवारियों को लेकर विकासनगर से शिमला बाईपास होते हुए ISBT देहरादून की ओर जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
बाकी यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया
पुलिस के अनुसार, बस में सवार अन्य यात्रियों को हादसे में चोट नहीं आई। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के बाद दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
इन लोगों को आई चोटें
हादसे में बस चालक अकरम, निवासी शेरपुर और परिचालक श्रवण, निवासी शेरपुर घायल हुए हैं। इसके अलावा यूनुस, निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), प्रदीप, निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) और ज्योति देवी, निवासी हर्बटपुर, विकासनगर को भी चोटें आई हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई। शुरुआती तौर पर बाइक सवार को बचाने के दौरान बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


