business

दिवाली से क्रिसमस तक 5 नौकरियों की बढ़ेगी मांग, डिलीवरी से वेयरहाउस तक मिलेंगे मौके

Demand for 5 types of jobs will rise from Diwali to Christmas; opportunities will range from delivery to warehousing.

नई दिल्ली: भारत में दिवाली से क्रिसमस तक त्योहारों का सीजन कारोबार के साथ रोजगार के लिहाज से भी अहम रहने वाला है। इस दौरान ऑनलाइन शॉपिंग, रिटेल और ई-कॉमर्स में ऑर्डर बढ़ने की उम्मीद है। इसका सीधा असर लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और डिलीवरी से जुड़े रोजगार पर पड़ेगा।

Indeed की Festive Season Scenario 2026 रिपोर्ट के मुताबिक, कई कंपनियां त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली मांग को पूरा करने के लिए फ्रंटलाइन और सप्लाई चेन कर्मचारियों की भर्ती बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं।

इन 5 जॉब्स की सबसे ज्यादा मांग

रिपोर्ट के अनुसार डिलीवरी और लास्ट-माइल डिलीवरी से जुड़े पद सबसे अधिक मांग वाली कैटेगरी में हैं। करीब 29 प्रतिशत नियोक्ताओं ने इन भूमिकाओं में मजबूत भर्ती की उम्मीद जताई है। बढ़ते ऑनलाइन और ऑफलाइन ऑर्डर को समय पर ग्राहकों तक पहुंचाने में इन कर्मचारियों की अहम भूमिका होगी।

इसके बाद वेयरहाउस एसोसिएट, पिकर और पैकर की मांग है। इस कैटेगरी में भी 29 प्रतिशत नियोक्ताओं को भर्ती की जरूरत पड़ने की उम्मीद है। ऑर्डर बढ़ने पर सामान चुनने, पैक करने और स्टॉक को व्यवस्थित रखने का काम इन्हीं कर्मचारियों पर रहता है। तीसरे स्थान पर प्रोडक्शन, असेंबली और पैकेजिंग से जुड़े पद हैं। करीब 27 प्रतिशत नियोक्ताओं ने इन भूमिकाओं में मांग बढ़ने की संभावना जताई है।

वहीं ड्राइवर और ट्रांसपोर्ट वर्कर्स की जरूरत 24 प्रतिशत नियोक्ताओं को रहने की उम्मीद है। इसके अलावा ऑर्डर फुलफिलमेंट और इन्वेंटरी ऑपरेशंस में 23 प्रतिशत नियोक्ताओं ने भर्ती की संभावना बताई है।

टेक्नोलॉजी की जानकारी बनेगी फायदा

त्योहारी सीजन में सिर्फ काम करने की इच्छा ही पर्याप्त नहीं होगी। डिजिटल टूल्स की जानकारी भी नौकरी पाने में मदद कर सकती है। सर्वे में 64 प्रतिशत कर्मचारियों ने कहा कि वे स्मार्टफोन आधारित जॉब, अटेंडेंस या शिफ्ट ऐप इस्तेमाल कर सकते हैं।

57 प्रतिशत लोग बेसिक कंप्यूटर, स्प्रेडशीट और डेटा एंट्री टूल्स से सहज हैं। वहीं 42 प्रतिशत कर्मचारियों ने वेयरहाउस, ऑर्डर मैनेजमेंट या डिलीवरी सॉफ्टवेयर इस्तेमाल करने की क्षमता बताई।

समय और शिफ्ट को लेकर लचीलापन जरूरी

सर्वे में 47 प्रतिशत नियोक्ताओं ने भरोसेमंद होने और रात या वीकेंड शिफ्ट के लिए तैयार रहने को चुनौतीपूर्ण कौशल बताया। वहीं, ज्यादा भुगतान मिलने पर करीब 74 प्रतिशत कर्मचारी ओवरटाइम करने को तैयार हैं। 61 प्रतिशत कर्मचारियों ने कहा कि सुरक्षित परिवहन मिलने पर वे नाइट शिफ्ट भी कर सकते हैं।

सिर्फ अस्थायी नौकरी नहीं चाहते कर्मचारी

त्योहारी सीजन में काम करने वाले कर्मचारियों की प्राथमिकताएं भी सामने आई हैं। करीब 67 प्रतिशत लोगों को उम्मीद है कि उन्हें सामान्य काम की तुलना में कम से कम 6 प्रतिशत अधिक भुगतान मिलेगा।

हालांकि, सिर्फ ज्यादा सैलरी ही प्राथमिकता नहीं है। करीब 71 प्रतिशत कर्मचारी ऐसा ऑफर पसंद करेंगे, जिसमें त्योहारों के बाद भी नौकरी जारी रहने की संभावना हो। वहीं भुगतान में देरी 32 प्रतिशत कर्मचारियों की सबसे बड़ी चिंता है। 25 प्रतिशत लोग लिखित अनुबंध या ऑफर लेटर को लेकर चिंतित हैं।

रिपोर्ट से साफ है कि त्योहारों का सीजन हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर ला सकता है। खासकर डिलीवरी, वेयरहाउसिंग, ट्रांसपोर्ट और ई-कॉमर्स से जुड़े काम करने वालों के लिए यह समय महत्वपूर्ण हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!