देहरादून में ‘उड़ान महोत्सव’ का शुभारंभ, 300 महिला उद्यमियों के सशक्त नेटवर्क की झलक
The 'Udaan Festival' launched in Dehradun, showcasing a powerful network of 300 women entrepreneurs.
देहरादून: प्रदेश में महिला उद्यमिता को नई दिशा देने वाले उत्तराखंड वर्चुअल बाजार के वार्षिक ‘उड़ान महोत्सव’ का शुभारंभ देहरादून के लीची बाग में किया गया। इस अवसर पर न केवल महिला उद्यमियों को एक साझा मंच मिला, बल्कि राजनीति, समाजसेवा, साहित्य, मीडिया और शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। यह महोत्सव महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है।
कोविड से शुरू हुआ सफर, आज बना बड़ा मंच
उत्तराखंड वर्चुअल बाजार की शुरुआत कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में कुछ महिला उद्यमियों ने की थी। सीमित संसाधनों और डिजिटल माध्यमों के सहारे शुरू हुआ यह प्रयास आज प्रदेश की लगभग 300 महिला उद्यमियों का मजबूत नेटवर्क बन चुका है। इस वर्चुअल बाजार के माध्यम से करीब तीन हजार महिलाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार से जोड़ा गया है। यह मंच आज महिला स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाला एक प्रभावी मॉडल बनकर उभरा है।
75 से अधिक स्टॉल और वर्कशॉप का आयोजन
उड़ान महोत्सव के तहत आयोजित एग्जीबिशन में 75 से अधिक महिला उद्यमियों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए हैं। इनमें हस्तशिल्प, हथकरघा, हैंडलूम, होम डेकोर, आर्ट, फैशन, फूड प्रोडक्ट्स और स्टार्टअप से जुड़े उत्पाद शामिल हैं। इसके साथ ही कई महिला उद्यमियों द्वारा कार्यशालाएं भी संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य कौशल विकास और अनुभव साझा करना है।
महिला सम्मान समारोह बना आकर्षण का केंद्र
महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर ‘इंस्पायरिंग वूमेन, सब्सटेंड ऑफ उत्तराखंड’ थीम पर महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाने वाली आठ महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें राजनीतिक क्षेत्र से सविता कपूर, समाजसेवा से मरीन बाथ, मीडिया से आरजे रजत शक्ति, सामाजिक पहल प्रतिकार से प्रिया बहल, लेखन के क्षेत्र से बिजॉया साबियान, परफॉर्मिंग और लिटरेचर आर्ट में योगदान के लिए ऊषा, युवा महिला उद्यमी शुभा और ज्ञानांदा बालिका स्कूल की संस्थापक प्रिंसिपल मीनाक्षी शामिल रहीं।
निम्न तबके की महिलाओं को भी मिल रहा लाभ
उत्तराखंड वर्चुअल बाजार की फाउंडिंग टीम की सदस्य और हैप्पी होम्स क्यूरेटेड होम्स डेकोर से जुड़ी ज्योति सिंह राठौड़ ने बताया कि उड़ान फेस्ट का यह सातवां संस्करण है। उन्होंने कहा कि इस मंच से केवल स्थापित महिला उद्यमियों को ही नहीं, बल्कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की निम्न आय वर्ग से जुड़ी हथकरघा और हैंडलूम में कार्यरत महिलाओं को भी बाजार उपलब्ध कराया जाता है। इससे उनकी आय में वृद्धि के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।
महिला उद्यमिता की नई उड़ान
उड़ान महोत्सव आज उत्तराखंड में महिला उद्यमिता की नई उड़ान का प्रतीक बन चुका है। यह न केवल उत्पादों के प्रदर्शन का मंच है, बल्कि महिलाओं को जोड़ने, प्रेरित करने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम भी है।

