उत्तराखंड में भारी बारिश से हाहाकार, सीएम धामी ने जिलाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
Heavy rains cause havoc in Uttarakhand, CM Dhami gave strict instructions to district magistrates

देहरादून: उत्तराखंड में बीते 24 घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक आपदा जैसे हालात बन गए हैं। सड़कों के टूटने, बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित होने से आम लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर पूरे राज्य की स्थिति का जायजा लिया।
ग्राउंड ज़ीरो पर सक्रिय रहें अफसर
मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी टीमों के साथ लगातार फील्ड में मौजूद रहें और हालात पर कड़ी नजर बनाए रखें। जहां-जहां अतिवृष्टि के कारण सड़कें बंद हुई हैं, उन्हें जल्द खोलने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जलभराव से निपटने के लिए पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है। पेयजल और बिजली की आपूर्ति में कहीं भी बाधा उत्पन्न हो तो उसे प्राथमिकता से बहाल किया जाए।
फसल क्षति और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने फसलों को हुई क्षति का भी तुरंत आकलन कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था तत्काल करने को कहा गया। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को तेज करने पर भी जोर दिया गया।
फर्जी दस्तावेज और अतिक्रमण पर कार्रवाई
बैठक में सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी ने फर्जी तरीके से राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी या आयुष्मान कार्ड बनवाए हैं, तो ऐसे लोगों और इसमें शामिल अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जिलों में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया को भी तेज करने के निर्देश दिए गए।
अस्पतालों की व्यवस्था पर खास ध्यान
सीएम ने कहा कि जिलाधिकारी नियमित रूप से सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण करें और दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करें। उन्होंने खुद भी औचक निरीक्षण करने की बात कही।
‘वोकल फॉर लोकल’ पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी कार्यालयों में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की बात कही और आमजन को भी स्थानीय उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इस संबंध में जनजागरूकता अभियानों की शुरुआत की जाएगी।
पंचायत चुनाव के लिए सभी को धन्यवाद
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री धामी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग, अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को धन्यवाद दिया।

