उत्तराखंड पंचायत उपचुनाव, 321 पदों पर 2,266 उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर, 20 नवंबर को होगा मतदान
Uttarakhand Panchayat by-elections: 2,266 candidates contesting for 321 posts, voting to be held on November 20
देहरादून: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायतों के खाली पदों पर उपचुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से की गई तैयारियों के बीच 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। कुल 32,985 रिक्त पदों में से बड़ी संख्या में प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि 321 पदों पर 2,266 प्रत्याशी सीधे चुनावी मैदान में हैं।
32,985 रिक्त पदों के लिए 30,800 नामांकन दाखिल
11 नवंबर को जारी अधिसूचना के बाद राज्यभर में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई थी। आयोग के अनुसार 32,985 रिक्त पदों के सापेक्ष 30,800 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। 15 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की गई, जिसमें 994 नामांकन त्रुटियों के कारण निरस्त हो गए। इसके बाद 16 नवंबर को नाम वापसी के दौरान 319 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया।
27,221 प्रत्याशी निर्विरोध, 2,266 मैदान में
नामांकन वापसी के बाद सामने आए आंकड़ों के अनुसार 27,221 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। शेष 321 पदों के लिए 2,266 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। इनमें ग्राम पंचायत सदस्य के 316 पद शामिल हैं, जिन पर 2,255 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत प्रधान के चार पदों पर 9 उम्मीदवार और जिला पंचायत सदस्य के एक पद पर दो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
19 नवंबर से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं। 19 नवंबर से उन सभी क्षेत्रों के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो जाएगी, जहां मतदान होना है। आयोग के अनुसार मतदान 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। मतगणना की प्रक्रिया 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी और अंतिम परिणाम आने तक जारी रहेगी।
किस जिले में कितने पद और कितने प्रत्याशी
उपचुनाव की प्रक्रिया हरिद्वार को छोड़कर राज्य के 12 जिलों में चल रही है। जिलेवार विवरण इस प्रकार है:
- अल्मोड़ा: 49 पदों पर 98 प्रत्याशी
- उधम सिंह नगर: 109 पदों पर 226 प्रत्याशी
- चंपावत: 1 पद पर 2 प्रत्याशी
- पिथौरागढ़: 5 पदों पर 10 प्रत्याशी
- नैनीताल: 40 पदों पर 79 प्रत्याशी
- बागेश्वर: 16 पदों पर 32 प्रत्याशी
- उत्तरकाशी: 8 पदों पर 16 प्रत्याशी
- चमोली: 19 पदों पर 41 प्रत्याशी
- टिहरी: 17 पदों पर 34 प्रत्याशी
- पौड़ी: 60 पदों पर 123 प्रत्याशी
- रुद्रप्रयाग: 13 पदों पर 26 प्रत्याशी
उपचुनाव को लेकर प्रशासन सतर्क
राज्य निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की है। मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि उपचुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
20 नवंबर का मतदान राज्य के ग्रामीण राजनीतिक परिदृश्य में कई नए समीकरण उत्पन्न कर सकता है, जिसके परिणाम 22 नवंबर को सामने आएंगे।



