दिल्ली की जहरीली हवा से राहत पाने नैनीताल पहुंचे सैलानी, दीपावली वीकेंड पर सरोवर नगरी में उमड़ी भीड़
Tourists flocked to Nainital to escape Delhi's toxic air, drawing crowds to the lake city over the Diwali weekend.
नैनीताल, उत्तराखंड: दीपावली वीकेंड ने इस बार सरोवर नगरी नैनीताल को फिर से सैलानियों से गुलज़ार कर दिया है। राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ और आसपास के महानगरों से बड़ी संख्या में लोग नैनीताल का रुख कर रहे हैं। शहरों में बढ़ते प्रदूषण और खतरनाक AQI स्तर से परेशान लोग अब पहाड़ों की स्वच्छ हवा में कुछ दिन सुकून ढूंढने पहुंचे हैं।
दिल्ली की हवा बनी ‘गैस चैंबर’, लोग भागे पहाड़ों की ओर
दिल्ली-एनसीआर में दीपावली के बाद वायु गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है। कई इलाकों में AQI स्तर 600 के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। लगातार बढ़ते धुंध और जहरीली हवा के बीच लोगों ने अस्थायी राहत के लिए उत्तराखंड के ठंडे पहाड़ी इलाकों का रुख कर लिया है।
नैनीताल इस समय अपने खुशनुमा मौसम, नीले आसमान और शुद्ध वातावरण के कारण पर्यटकों का पसंदीदा ठिकाना बन चुका है।
सैलानियों की भीड़ से गुलज़ार हुई सरोवर नगरी
पिछले कुछ महीनों से नैनीताल का पर्यटन कुछ सुस्त पड़ा हुआ था। अप्रैल माह में घटी नाबालिग से दुष्कर्म की घटना के बाद सैलानियों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट आई थी। लेकिन अब हालात धीरे-धीरे सुधरते दिख रहे हैं। दीपावली छुट्टियों के साथ-साथ दिल्ली के प्रदूषण ने नैनीताल की होटलों, बाजारों और झील किनारे की गलियों को फिर से जीवंत कर दिया है।
दिल्ली से आई प्रियांशी अग्रवाल ने बताया, “दिल्ली में इस समय हवा इतनी खराब है कि बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। धुंध और स्मॉग के कारण आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। इसलिए हमने नैनीताल आकर कुछ दिन ताज़ी हवा में बिताने का फैसला किया।”
वहीं, दिल्ली के शिवांग ने कहा, “यहां की ठंड और प्राकृतिक सुंदरता अद्भुत है। दिल्ली में हालत बदतर हैं, लेकिन नैनीताल आकर लगता है जैसे किसी और दुनिया में पहुंच गए हों।”
होटल उद्योग को भी मिली नई जान
नैनीताल होटल एसोसिएशन के सचिव वेद शाह के अनुसार, “दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण ने इस बार नैनीताल के पर्यटन को बड़ा सहारा दिया है। अप्रैल से अब तक पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट थी, लेकिन दीपावली वीकेंड ने फिर से हालात बेहतर किए हैं। अधिकांश होटल लगभग फुल हैं और बुकिंग लगातार बढ़ रही है।”
वेद शाह ने उम्मीद जताई कि नवंबर और दिसंबर के महीनों में क्रिसमस और न्यू ईयर की छुट्टियों के दौरान भी सैलानियों की आमद बनी रहेगी, जिससे पर्यटन उद्योग को और मजबूती मिलेगी।
दिल्ली की जहरीली हवा ने लोगों को भले परेशान किया हो, लेकिन नैनीताल के पर्यटन को इससे नई ऊर्जा मिली है। ठंडी हवाओं, झीलों की शांति और हरे-भरे पहाड़ों के बीच सैलानियों को वह राहत मिल रही है, जो महानगरों की धुंध में अब मुमकिन नहीं।

