पीएम मोदी देंगे 8000 करोड़ की सौगातें, केदारनाथ रोपवे और जमरानी बांध परियोजना रहेंगी मुख्य आकर्षण
PM Modi will announce projects worth 8000 crore rupees, with the Kedarnath ropeway and Jamrani dam project being the main attractions.

देहरादून: उत्तराखंड अपने गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती मना रहा है। इस अवसर पर 9 नवंबर को राजधानी देहरादून के फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) के मैदान में भव्य मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री उत्तराखंडवासियों को विकास की दिशा में कई बड़ी सौगातें देने वाले हैं।
8000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण
मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री मोदी 8000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें दो बड़ी परियोजनाएं – केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट और जमरानी बांध परियोजना – विशेष रूप से चर्चा में हैं। ये दोनों ही परियोजनाएं राज्य के गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों की तस्वीर बदलने में मील का पत्थर साबित होंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री ऊर्जा विभाग, पर्यटन विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से जुड़ी कई अन्य योजनाओं की भी घोषणा करेंगे।
11 बजे पहुंचेगे प्रधानमंत्री, दो घंटे का रहेगा कार्यक्रम
कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे देहरादून पहुंचेंगे और एफआरआई मैदान में आयोजित रजत जयंती समारोह में शिरकत करेंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री करीब दो घंटे से अधिक समय तक देहरादून में रहेंगे और राज्य की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।
भव्य तैयारी, 70 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद
कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि स्थल पर पिछले 9 दिनों से टेंट और मंच तैयार करने का कार्य जारी है। राज्य सरकार को उम्मीद है कि 70 हजार से अधिक लोग प्रधानमंत्री को सुनने के लिए स्थल पर पहुंचेंगे। प्रशासन और पुलिस ने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्थाएं की हैं।
लाभार्थियों से करेंगे संवाद, लगेगी विशेष प्रदर्शनी
प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम के दौरान कुछ लाभार्थियों से सीधे संवाद भी कर सकते हैं। वे जानेंगे कि राज्य में चल रही विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक कैसे पहुंच रहा है। इस अवसर पर स्थल पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें उत्तराखंड की 25 वर्षों की विकास यात्रा को दर्शाया गया है। प्रदर्शनी में राज्य की प्रमुख उपलब्धियों, पर्यटन, ऊर्जा और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं की झलक प्रस्तुत की जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री और गणमान्य होंगे उपस्थित
मुख्य कार्यक्रम में सभी पूर्व मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, बुद्धिजीवी वर्ग और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख हस्तियां आमंत्रित की गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता प्रधानमंत्री मोदी को सुनने के लिए उत्साहित है और राज्य सरकार ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
9 नवंबर का यह दिन उत्तराखंड के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज होगा, जब प्रधानमंत्री मोदी राज्य को नई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और रजत जयंती समारोह के साथ प्रदेश को नए युग की ओर अग्रसर करेंगे।


