देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रभावशाली फिल्म नीति और उत्तराखंड की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता अब म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री को तेजी से आकर्षित कर रही हैं। इस दिशा में बड़ी पहल करते हुए साउंड स्टार्स यूके प्रोडक्शन हाउस और निर्माता स्मृति सहगल ने राज्य में 100 म्यूजिक वीडियो शूट करने का एलान किया है।
यह निर्णय उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के एक नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर माना जा रहा है। इसके ज़रिए न केवल पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रदेश के युवाओं और कलाकारों को भी अभिनय और तकनीकी क्षेत्रों में सुनहरे अवसर प्राप्त होंगे।
“कमाल करदे ओ” से हुई शुरुआत
उत्तराखंड में बनने वाले 100 म्यूजिक वीडियो की इस श्रृंखला की शुरुआत “कमाल करदे ओ” से हुई, जिसे आज उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के सीईओ और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने रिलीज किया। इस वीडियो की शूटिंग देहरादून और मसूरी के दिलकश नजारों के बीच की गई है।
इस गाने में स्थानीय कलाकारों की भागीदारी को प्राथमिकता दी गई है, जिससे राज्य की कला, संस्कृति और युवा प्रतिभा को एक राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर पहचान मिल सके।
उत्तराखंड की अनछुई लोकेशनों पर होगा फोकस
निर्माता स्मृति सहगल ने जानकारी दी कि उनकी टीम प्रदेश की कम प्रसिद्ध लेकिन बेहद खूबसूरत लोकेशनों पर शूटिंग करने जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि हर म्यूजिक वीडियो में स्थानीय कलाकारों को मौका दिया जाएगा, जिससे प्रदेश की युवा प्रतिभा को नई दिशा मिलेगी।
नीतियों ने खोले नए दरवाजे
उत्तराखंड की नई फिल्म नीति ने निर्माता-निर्देशकों के लिए फिल्म और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स को आसान और आकर्षक बना दिया है। आसान प्रक्रियाएं, आर्थिक सहयोग और प्रशासनिक मदद जैसे प्रावधानों ने राज्य को फिल्मकारों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बना दिया है।
साउंड स्टार्स यूके की यह पहल उत्तराखंड को एक क्रिएटिव हब के रूप में नई पहचान दिलाएगी और “फिल्म डेस्टिनेशन उत्तराखंड” के विजन को मजबूती देगी।

