Dehradun Update: उत्तराखंड सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए सैलेरी पैकेज पर बैंकों से किया बड़ा अनुबंध, 100 लाख तक का बीमा कवर
Uttarakhand government signed a big agreement with banks on salary package for government employees, insurance cover up to Rs 100 lakh
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की उपस्थिति में बुधवार को सचिवालय में उत्तराखंड सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए कॉरपोरेट सैलेरी पैकेज पर बड़ा कदम उठाया। इस अनुबंध के तहत भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक और जिला सहकारी बैंक ने समझौता किया। इससे राज्य के 64 प्रतिशत सरकारी कर्मचारी, जिनके सैलरी खाते इन बैंकों में हैं, लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने सरकारी कार्मिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस पहल की सराहना की और आशा जताई कि ये बैंक इस पैकेज को और लाभकारी बनाएंगे, ताकि भविष्य में शत-प्रतिशत कर्मचारी इसका फायदा उठा सकें। इस पैकेज के तहत कर्मचारियों को व्यक्तिगत बीमा कवर, दुर्घटना के दौरान मृत्यु या अपंगता के मामलों में मुआवजा और अन्य वित्तीय लाभ बिना किसी प्रीमियम के मिलेंगे।
अनुबंध के तहत, दुर्घटना की स्थिति में 30 लाख से 100 लाख रुपये तक का बीमा कवर दिया जाएगा, जबकि पूर्ण अपंगता की स्थिति में 30 लाख से 50 लाख और आंशिक अपंगता की स्थिति में 10 लाख से 40 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, चिकित्सा खर्च, एम्बुलेंस सुविधा, बच्चों की शिक्षा, पुत्री के विवाह जैसी आवश्यकताओं के लिए भी सहायता मिलेगी। प्राकृतिक मृत्यु पर भी 3 लाख से 10 लाख रुपये तक का योगदान बैंक द्वारा दिया जाएगा।
इस अवसर पर राज्य के प्रमुख सचिवों और बैंक अधिकारियों समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण अनुबंध को सरकारी कर्मचारियों के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।

