weatherउत्तराखंड

उत्तराखंड में ठंड का प्रकोप तेज, मैदानी इलाकों में घना कोहरा, पहाड़ों में पाला और बर्फबारी

The cold wave intensifies in Uttarakhand, with dense fog in the plains and frost and snowfall in the mountains.

देहरादून: उत्तराखंड में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ठिठुरन से बचने के लिए लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाकर लोग ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

नैनीताल जिले में कोहरे की चादर, विजिबिलिटी बेहद कम

नैनीताल जिले के मैदानी इलाकों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। हल्द्वानी, कालाढूंगी, रामनगर, बैलपड़ाव, पिरूमदारा और प्रतापपुर जैसे क्षेत्रों में दृश्यता काफी कम दर्ज की गई। कई स्थानों पर विजिबिलिटी 40 से 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे सड़क पर आगे देख पाना मुश्किल हो गया। कोहरे के कारण वाहन चालकों को लाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

सड़कों पर बढ़ी परेशानी, वाहन रेंगते नजर आए

घने कोहरे का असर राष्ट्रीय राजमार्गों और संपर्क मार्गों पर साफ दिखाई दिया। सुबह दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और स्कूल वाहनों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ी। कई स्थानों पर ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी रही और कहीं-कहीं वाहनों की कतारें भी नजर आईं।

मौसम विभाग का अलर्ट, शीत दिवस की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उधम सिंह नगर जिले में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से सुबह और देर रात यात्रा करने से बचने की अपील की है।

देहरादून में साफ आसमान, लेकिन ठंड बरकरार

राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना जताई गई है, हालांकि सुबह के समय हल्का कुहासा छा सकता है। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम की ठंड अभी भी लोगों को परेशान कर रही है।

पर्वतीय क्षेत्रों में पाला और केदारनाथ में बर्फबारी

राज्य के पर्वतीय इलाकों में सड़कों पर पाला जमने से फिसलन बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। वहीं केदारनाथ धाम में लगातार बर्फबारी हो रही है। बर्फ जमने से पुनर्निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जबकि माइनस तापमान में भी आईटीबीपी के जवान धाम की सुरक्षा में तैनात हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button