उत्तराखंड स्थापना दिवस पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत, सीएम धामी बोले – ‘राष्ट्र ऋषि मोदी ने देवभूमि में विकास का दीप जलाया’
PM Modi received a grand welcome on Uttarakhand Foundation Day; CM Dhami said – ‘National sage Modi has lit the lamp of development in Devbhoomi (land of gods)’
देहरादून: उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया और उन्हें उत्तराखंड की समृद्ध हस्तकला परंपरा का प्रतीक — स्थानीय बुनकरों द्वारा बुनी एक कलात्मक तस्वीर — भेंट की। सीएम धामी ने कहा कि यह उपहार “नए भारत के शिल्पकारों की सृजनशीलता और आत्मनिर्भरता” का प्रतीक है।
‘उत्तराखंड हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है’ – सीएम धामी
स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड आज हर क्षेत्र में तेज़ी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास योजनाएं निरंतर आगे बढ़ रही हैं। सीएम ने कहा कि केदारनाथ त्रासदी से लेकर सिलक्यारा टनल हादसे और जोशीमठ भू-धंसाव जैसी आपदाओं के समय प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल संवेदनशीलता दिखाई, बल्कि हर परिस्थिति में उत्तराखंड के साथ खड़े रहे।
‘मोदी जी का नेतृत्व हमारी प्रेरणा है’
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सशक्त नेतृत्व पूरे विश्व में भारत का गौरव बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशन में उत्तराखंड कठिनाइयों से उबरकर नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, “हमारे राज्य ने आपके प्रेरणादायी नेतृत्व में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, जी-20 सम्मेलन और 38वें राष्ट्रीय खेलों जैसे आयोजनों के माध्यम से बदलते उत्तराखंड की तस्वीर दुनिया के सामने रखी है।”
समरस और सशक्त उत्तराखंड की दिशा में बढ़ते कदम
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता और जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठा रही है। समान नागरिक संहिता (UCC), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे साहसिक निर्णयों से उत्तराखंड समरस और सशक्त राज्य के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
‘तप, त्याग और बलिदान से बना है यह राज्य’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की स्थापना तप, त्याग और बलिदान की नींव पर हुई है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “अटल जी ने उत्तराखंड राज्य का स्वप्न साकार किया और आज राष्ट्र ऋषि मोदी जी ने यहां विकास का दीप जलाया है।”
‘ऑपरेशन सिंदूर ने दिखाया भारत की शक्ति’
सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सेना द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सैन्य क्षमता और निर्णायक नेतृत्व का परिचय दिया है।
उत्तराखंड स्थापना दिवस के इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “यह देवभूमि न केवल अध्यात्म और संस्कृति की भूमि है, बल्कि अब विकास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी बन चुकी है।”


