शिक्षा

JEE Main 2026 जनवरी सेशन का परिणाम आज, क्या राजस्थान फिर दिखाएगा दबदबा?

JEE Main 2026 January session result today, will Rajasthan show dominance again?

कोटा। देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Main 2026 के जनवरी सेशन का परिणाम आज, 12 फरवरी को घोषित किए जाने की संभावना है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पहले ही परिणाम की संभावित तिथि साझा कर दी है। लाखों छात्रों की निगाहें स्कोरकार्ड पर टिकी हैं, जो फाइनल आंसर की के आधार पर तैयार किए गए हैं।

इस बार भी सबसे ज्यादा चर्चा 100 परसेंटाइल हासिल करने वाले छात्रों की होगी। पिछले दो सालों के आंकड़े बताते हैं कि इस क्लब में राज्यों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी जाती रही है। विशेष रूप से राजस्थान और तेलंगाना के छात्रों का प्रदर्शन सुर्खियों में रहा है।

फाइनल आंसर की के आधार पर होगा रिजल्ट

शिक्षा विशेषज्ञ देव शर्मा के अनुसार, NTA ने पहले प्रोविजनल आंसर की जारी कर छात्रों से आपत्तियां मांगी थीं। इन आपत्तियों के निस्तारण के बाद फाइनल आंसर की तैयार की गई, और इसी के आधार पर स्कोर कार्ड जारी किए जाएंगे। संभावना है कि परिणाम से पहले अंतिम आंसर की भी सार्वजनिक की जा सकती है।

देव शर्मा ने कहा कि इस बार राजस्थान के छात्र 100 परसेंटाइल क्लब में मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं। कोटा समेत राज्य के प्रमुख कोचिंग हब में तैयारी कर रहे छात्र उच्च स्कोर की दौड़ में आगे रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

2025 में राजस्थान ने मारी बाजी

वर्ष 2025 के जनवरी सेशन में कुल 14 छात्रों ने 100 परसेंटाइल हासिल किया था। इनमें सबसे अधिक पांच छात्र राजस्थान से थे। उत्तर प्रदेश और दिल्ली से 2-2, जबकि महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात और कर्नाटक से एक-एक छात्र इस क्लब में शामिल हुए। राजस्थान के आयुष सिंघल, रजत गुप्ता, सक्षम जिंदल, अर्णव सिंह और ओमप्रकाश बेहरा ने यह उपलब्धि हासिल की। अधिकांश छात्र कोटा में रहकर तैयारी कर रहे थे, जिससे राज्य की कोचिंग इंडस्ट्री और शिक्षा व्यवस्था की ताकत दिखाई दी।

2024 में तेलंगाना ने बढ़त बनाई

वर्ष 2024 के जनवरी सेशन में कुल 23 छात्रों ने 100 परसेंटाइल हासिल किया था। उस वर्ष तेलंगाना ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जहां से 7 छात्र शामिल थे। राजस्थान से 3 छात्र 100 परसेंटाइल क्लब में आए। यह दर्शाता है कि शीर्ष राज्यों के बीच प्रतिस्पर्धा लगातार बदलती रहती है।

क्या 2026 में भी बदलेगा समीकरण?

इस वर्ष भी शिक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि राजस्थान और तेलंगाना समेत अन्य प्रमुख कोचिंग हब के छात्र उच्च स्कोर की दौड़ में आगे रह सकते हैं। कोटा के छात्रों के प्रदर्शन पर विशेष नजर रखी जा रही है, क्योंकि यह राज्य की शैक्षणिक प्रतिष्ठा का अहम विषय बन चुका है।

छात्रों में उत्साह और हल्की घबराहट

परिणाम से पहले छात्रों में उत्साह के साथ हल्की घबराहट भी देखी जा रही है। कई छात्र अपने संभावित स्कोर का अनुमान लगा चुके हैं, लेकिन अंतिम स्थिति परिणाम के बाद ही स्पष्ट होगी। 100 परसेंटाइल हासिल करने वाले छात्रों को देश के शीर्ष इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश का बड़ा फायदा मिलता है।

JEE Main 2026 का यह परिणाम न केवल छात्रों के भविष्य का निर्धारण करेगा, बल्कि यह बताएगा कि इस वर्ष किस राज्य ने शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया। अब सभी की नजरें NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button