उत्तराखंड

उत्तराखंड स्थापना दिवस: पीएम मोदी होंगे मुख्य अतिथि, एफआरआई में होगा रजत जयंती का मुख्य समारोह

PM Modi will be the chief guest, and the main silver jubilee ceremony will be held at FRI

देहरादून: उत्तराखंड कल अपना 25वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर को रजत जयंती वर्ष के रूप में पूरे राज्य में बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया जाएगा। राजधानी देहरादून के प्रतिष्ठित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। राज्य सरकार ने इस ऐतिहासिक अवसर के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

एफआरआई में जुटेगी एक लाख की भीड़

कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की पुख्ता व्यवस्था की है। अनुमान है कि एफआरआई में आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम में करीब एक लाख लोग शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग ढाई घंटे तक देहरादून में रहेंगे और राज्य को कई बड़ी सौगातें देंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 8000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

सुबह 11 बजे दून पहुंचेंगे प्रधानमंत्री

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी सुबह 11 बजे देहरादून पहुंचेंगे। हवाई अड्डे से वे सीधे एफआरआई जाएंगे, जहां वे राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह में भाग लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और राज्य के अन्य वरिष्ठ मंत्री तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में सभी पूर्व मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, बुद्धिजीवी वर्ग और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया है।

500 मीटर का क्षेत्र घोषित हुआ जीरो जोन

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए दून पुलिस ने विशेष सुरक्षा योजना बनाई है। एफआरआई परिसर के 500 मीटर दायरे को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में सामान्य वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले निर्धारित रूट प्लान अवश्य देख लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुबह 6 से रात 8 बजे तक लागू रहेगा ट्रैफिक प्लान

दून पुलिस का ट्रैफिक प्लान 9 नवंबर को सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों का प्रवेश शहर की सीमाओं के भीतर और बाहरी मार्गों पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, रूट डायवर्जन प्लान शाम 4 बजे तक लागू रहेगा ताकि कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात सुचारू बना रहे।

राज्यभर में विशेष कार्यक्रम

मुख्य समारोह के अलावा उत्तराखंड के सभी जिलों में भी स्थापना दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, सम्मान समारोह और विकास योजनाओं के उद्घाटन होंगे। स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में झंडारोहण और देशभक्ति गीतों की गूंज के बीच राज्य की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

उत्तराखंड के 25वें स्थापना दिवस का यह उत्सव न केवल राज्य के विकास की यात्रा को रेखांकित करेगा, बल्कि नए संकल्पों और उपलब्धियों की दिशा में आगे बढ़ने का प्रतीक भी बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button