नेपाल में बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 गंभीर घायल
13 killed, 34 seriously injured as bus carrying wedding party members falls into ditch in Nepal
पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झूलाघाट के पास भारतीय सीमा से लगे इलाके में बारातियों को ले जा रही एक बस गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 34 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत नाजुक है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बस नेपाल के बैतड़ी जिले के पुरचुंणी नगरपालिका-7 के भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा गांव जा रही थी। गुरुवार देर रात जब बस पुरचुंणी क्षेत्र के बड़गांव मोड़ के पास पहुंची, तभी वह अनियंत्रित हो गई और लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
रातभर चला रेस्क्यू अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस, एपीएफ (आर्म्ड पुलिस फोर्स) और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के बावजूद रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को खाई से निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि हादसे में छह बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पांच घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में और दो ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में बजांग जिले के बित्थड चीर गांव पालिका-7 निवासी केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी, बिष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17), दीपक जोशी (28) और किशन जोशी (46) शामिल हैं। इसके अलावा मोहन देव भट्ट (60) और केशव भट्ट (27) केदारस्यु गांव पालिका के निवासी थे। बसंत राज रतला (40) जय पृथ्वी नगरपालिका-7 के निवासी थे, जबकि पुष्पा अवस्थी (40) और सुशील जोशी बैतड़ी के पुरचुंणी नगरपालिका-7 के रहने वाले बताए गए हैं।
ओवरलोडिंग बताई जा रही वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस का अत्यधिक ओवरलोड होना माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि चढ़ाई वाले मार्ग पर बस भार अधिक होने के कारण संतुलन खो बैठी और खाई में गिर गई। हादसे में बस चालक भी घायल हुआ है, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल चालक विरेंद्र बुढा, जो कंचनपुर जिले के भीमदत्त नगरपालिका-7 का निवासी है, को पुलिस ने अपने नियंत्रण में ले लिया है।
गंभीर घायलों को धनगढ़ी रेफर
घायलों का इलाज डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। एक खुशी के मौके पर शुरू हुई बारात का यह सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया, जिसने कई परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया है।

