आशीष चौहान को मिला UCADA और खेल विभाग की जिम्मेदारी, पर्वतीय जिलों में प्रशंसनीय सेवाओं के बाद राजधानी में वापसी
Ashish Chauhan gets responsibility of UCADA and Sports Department, returns to the capital after commendable services in the hill districts
देहरादून, 25 जून 2025: उत्तराखंड के अनुभवी और लोकप्रिय आईएएस अधिकारी आशीष चौहान को राज्य सरकार ने दो महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी है। 2012 बैच के अधिकारी चौहान अब उत्तराखंड सिविल एविएशन एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और खेल विभाग के निदेशक के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
पर्वतीय जिलों में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद राजधानी में वापसी
पिछले पांच वर्षों से अधिक समय तक आशीष चौहान उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और पौड़ी जैसे सीमांत और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले जिलों में कार्यरत रहे। वहां उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, जनसंवेदनशीलता और विकास कार्यों में भागीदारी के लिए विशेष पहचान बनाई। अब लंबे अंतराल के बाद राजधानी देहरादून में उन्हें दो अहम विभागों का दायित्व सौंपा गया है।
उत्तरकाशी में विदेशी पर्यटक से मिला सम्मान
उत्तरकाशी में डीएम रहते हुए आशीष चौहान की कार्यशैली और मेहमाननवाजी ने विदेशी पर्यटकों को भी प्रभावित किया। एक स्पेनिश नागरिक ने अपनी उत्तरकाशी यात्रा के सुखद अनुभवों के चलते स्पेन की एक बेनाम पहाड़ी का नाम डॉक्टर आशीष चौहान के नाम पर रख दिया। यह एक अनोखा और भावुक सम्मान है, जो उनकी संवेदनशील कार्यशैली का प्रमाण है।
पिथौरागढ़ में की अभिनव पहलें
पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देते हुए ‘रिलायंस’ नामक ब्रांड की शुरुआत की। खासकर पहाड़ी अंजीर को वैश्विक पहचान दिलाने और इसे महिलाओं के रोजगार से जोड़ने का उनका प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचा। पीएम ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में चौहान की पहल का उल्लेख करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
पौड़ी में जनता के बीच रहकर काम करने का प्रयास
इसके बाद उन्होंने पौड़ी जैसे बड़े और चुनौतीपूर्ण जिले में भी उल्लेखनीय कार्य किया। चौहान ने पहाड़ी गांवों में रात्रि चौपाल लगाकर सीधे ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाया।
UCADA और खेल विभाग में नई जिम्मेदारी
अब एक बार फिर उन्हें UCADA का सीईओ बनाया गया है, जो हाल के हेलीकॉप्टर हादसों को लेकर सुर्खियों में है। आशीष चौहान ने कहा है कि वे DGCA के साथ मिलकर हादसों की जांच में पूरा सहयोग करेंगे और हेली सेवाओं को सुरक्षित और सुलभ बनाएंगे।
साथ ही खेल विभाग के निदेशक के रूप में उन्होंने राष्ट्रीय खेलों के बाद बने स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को खिलाड़ियों के लिए सुलभ और उपयोगी बनाने की प्रतिबद्धता जताई है। उनका उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

