हरिद्वार दौरे पर मुख्यमंत्री धामी, दक्षेश्वर महादेव में पूजा, कुंभ 2027 को दिव्य-भव्य बनाने का संकल्प
CM Dhami on a visit to Haridwar, offers prayers at Daksheshwar Mahadev temple, and pledges to make Kumbh 2027 a grand and magnificent event.

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने कनखल स्थित प्रसिद्ध दक्षेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने जलाभिषेक, रुद्राभिषेक किया और यज्ञ-हवन में भाग लेकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
सन्यासी, बैरागी और निर्मल अखाड़ों के संतों से लिया आशीर्वाद
पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री धामी ने सन्यासी, बैरागी और निर्मल अखाड़ों के संतों से मुलाकात की। उन्होंने संत समाज से आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक विषयों पर संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संतों की भूमिका को समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण बताया।
कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर संत समाज से हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने संतों के साथ वर्ष 2027 में हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि कुंभ का आयोजन केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक है। संतों के मार्गदर्शन से कुंभ की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री बोले—संतों के आशीर्वाद से होगा भव्य कुंभ आयोजन
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि साधु-संतों के आशीर्वाद और जनसहयोग से 2027 में हरिद्वार में भव्य कुंभ मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस महापर्व में देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं और सरकार का लक्ष्य है कि उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
महादेव से प्रदेश के कार्य निर्विघ्न पूर्ण होने की प्रार्थना
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जब भी उन्हें महादेव की नगरी में आने का अवसर मिलता है, वे भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने की अभिलाषा रखते हैं। आज उन्होंने रुद्राभिषेक और जलाभिषेक कर प्रदेश के विकास कार्यों के सुचारु रूप से पूर्ण होने की प्रार्थना की है। साथ ही कुंभ 2027 की सभी तैयारियां समय पर पूरी हों, इसके लिए भी कामना की गई।
कुंभ 2027 उत्तराखंड के लिए बड़ा अवसर: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ 2027 उत्तराखंड के लिए एक बड़ा अवसर है, जिसमें देश और दुनिया के लोग राज्य में आएंगे। सरकार का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षा, स्वच्छता, आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे उत्तराखंड की आध्यात्मिक छवि को अपने साथ लेकर लौटें।
संत समाज देगा शासन-प्रशासन को पूरा सहयोग: महंत रविंद्रपुरी
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष और महानिर्वाण अखाड़े के सचिव श्रीमंत रविंद्रपुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इच्छा पर सोमवार को भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और संतों से भेंट का कार्यक्रम तय किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से कुंभ 2027 के सफल और भव्य आयोजन की प्रार्थना की है। महंत रविंद्रपुरी ने कहा कि कुंभ की तैयारियों को लेकर संत समाज समय-समय पर शासन-प्रशासन के साथ मिलकर रणनीति बनाएगा और पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।

