उत्तराखंड

चमोली में भालुओं का बढ़ता आतंक, स्कूल परिसर में घुसकर छात्र पर हमला, ग्रामीणों में दहशत

Increasing terror of bears in Chamoli; a bear entered the school premises and attacked a student, causing panic among villagers.

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में भालुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते दो दिनों में भालू के हमलों की घटनाओं ने न सिर्फ ग्रामीणों बल्कि स्कूली बच्चों और शिक्षकों को भी दहशत में डाल दिया है। पोखरी विकासखंड में जहां पहले स्कूल से घर लौट रहे एक छात्र पर भालू ने हमला किया था, वहीं अब दिनदहाड़े दो भालू जूनियर हाईस्कूल परिसर में घुस आए और एक छात्र को निशाना बना लिया।

स्कूल परिसर में घुसे भालू, छात्र को झाड़ियों तक घसीटा

ताजा घटना पोखरी विकासखंड के जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर की है, जहां दो भालू अचानक स्कूल परिसर में घुस आए। भालुओं को देखकर बच्चे डर के मारे कक्षा के दरवाजे बंद करने को मजबूर हो गए। इसी दौरान एक भालू ने कक्षा में मौजूद एक छात्र पर अपने नाखूनों से हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए झाड़ियों की ओर ले गया। छात्र की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद दो छात्रों, एक छात्रा और एक शिक्षक ने साहस दिखाया और शोर मचाते हुए भालुओं की ओर दौड़े। अचानक हुए शोरगुल से घबराकर भालू छात्र को छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। घायल छात्र को तुरंत बाहर निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

वन विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

घटना के बाद स्कूल के छात्र और शिक्षक गहरे सदमे में हैं। शिक्षकों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार वन विभाग को क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही की सूचना दी गई थी, लेकिन न तो गश्त बढ़ाई गई और न ही कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था की गई। अभिभावकों और स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर गहरा रोष है। लोगों ने मांग की है कि स्कूलों और आबादी वाले इलाकों में वन्यजीवों की नियमित निगरानी की जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

दो दिन पहले भी हुआ था छात्र पर हमला

गौरतलब है कि इसी स्कूल के कक्षा छह में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र देवेश पर दो दिन पहले भी भालू ने हमला किया था। शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद देवेश अपने साथी पंकेश के साथ घर लौट रहा था, तभी झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक देवेश पर झपट्टा मार दिया और उसका पैर पकड़ लिया। इस दौरान पंकेश ने हिम्मत दिखाते हुए भालू पर पत्थर बरसाए, जिससे भालू को देवेश को छोड़ना पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। घायल देवेश को शिक्षक द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया था।

नारायणबगड़ में युवक पर भालू का हमला

भालुओं का आतंक सिर्फ पोखरी तक सीमित नहीं है। चमोली जिले के नारायणबगड़ विकासखंड के ग्राम मरोड़ा में भी भालू ने एक युवक पर हमला कर दिया। गांव निवासी 40 वर्षीय जसपाल सिंह पर उस समय भालू ने झपट्टा मारा, जब वे अपनी गौशाला से दूध लेकर गांव लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायल जसपाल सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है।

ग्रामीणों में दहशत, सख्त कार्रवाई की मांग

लगातार हो रहे भालू हमलों से ग्रामीणों में डर और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अब बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button