उत्तराखंड

उत्तराखंड SIR फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 9.31 लाख नाम हटे; पात्र लोगों के लिए 7 अक्टूबर से स्पेशल कैंप

Uttarakhand final voter list released, 9.31 lakh names removed, special camps for eligible individuals starting October 7.

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। नई सूची के अनुसार प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या अब 71 लाख 58 हजार 949 हो गई है। वहीं, SIR अभियान के दौरान 9 लाख 31 हजार से अधिक नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। अब ऐसे लोगों को सूची में दोबारा शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जो जांच के बाद पात्र पाए जाते हैं।

7 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में लगेंगे विशेष कैंप

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत उत्तराखंड में 7 अक्टूबर से एक महीने तक स्पेशल कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों का उद्देश्य उन पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनके नाम SIR के दौरान अलग-अलग कारणों से सूची से बाहर हो गए हैं।

SIR के दौरान ASDD यानी Absent, Shifted, Dead और Duplicate श्रेणी में 8 लाख 26 हजार 977 नाम पाए गए। इसके अलावा 97 हजार 186 लोग Ineligible श्रेणी में रखे गए हैं। अब इन श्रेणियों में शामिल लोगों की वास्तविक स्थिति की दोबारा जांच की जाएगी। पात्र पाए जाने पर उनसे Form-6 भरवाया जाएगा।

BLO घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन

विशेष अभियान में बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। BLO वर्तमान मतदाता सूची की तुलना SIR से पहले मौजूद सूची से करेंगे। इस दौरान उन मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनका नाम पहले की सूची में था, लेकिन अंतिम सूची में नहीं है।

इसके बाद BLO संबंधित मतदाताओं के घर जाकर उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी जुटाएंगे। यदि कोई व्यक्ति पात्र पाया जाता है तो उसे मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए Form-6 भरने में सहायता दी जाएगी। अभियान में छूटे हुए मतदाताओं के साथ पहली बार मतदान करने वाले युवाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।

राजनीतिक दलों के BLA को भी मिलेगी जानकारी

निर्वाचन कार्यालय के अनुसार BLO द्वारा तैयार की गई सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के Booth Level Agents (BLA) के साथ साझा किया जाएगा। इसके बाद निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी यानी ERO भी बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएंगे। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है।

इसके अलावा बूथ स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे। नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी, बेघर और समाज के हाशिए पर रहने वाले लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

अंतिम मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर पात्र व्यक्ति Form-6 के जरिए आवेदन कर सकता है। आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ECI की मतदाता सेवा वेबसाइट या संबंधित ऐप के जरिए किया जा सकता है। इसके अलावा BLO के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन भी किया जा सकेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कहा कि आयोग के निर्देश पर एक महीने का विशेष कैंप चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि BLO घर-घर जाकर ASDD और Ineligible श्रेणी में रखे गए लोगों की जानकारी जुटाएंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी अपील की कि उनके BLA इस प्रक्रिया में BLO के साथ रहें, ताकि पूरी प्रक्रिया को लेकर किसी तरह की आशंका न रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!