गणतंत्र दिवस को लेकर देहरादून में कड़ा ट्रैफिक प्लान, परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो जोन
A strict traffic plan is in place in Dehradun for Republic Day; the area around the parade ground will be a zero-traffic zone.
देहरादून: गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस ने व्यापक यातायात और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। 26 जनवरी को आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के मद्देनजर परेड ग्राउंड और उसके आसपास के क्षेत्रों को पूरी तरह जीरो जोन घोषित किया गया है। इस दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर सभी प्रकार के वाहनों, ठेलियों और रेहड़ियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, वीआईपी और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए विशेष प्रवेश व्यवस्था की गई है। ईसी रोड और सर्वे चौक से रोजगार तिराहे होते हुए कान्वेंट तिराहे की ओर आने वाले वीआईपी वाहन मुख्य द्वार संख्या-01 (वीवीआईपी गेट) से परेड ग्राउंड में प्रवेश करेंगे। आम नागरिकों और कार्यक्रम में भाग लेने वालों के लिए अलग मार्ग और प्रवेश द्वार तय किए गए हैं।
प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए पार्किंग व्यवस्था
गणतंत्र दिवस परेड में शामिल आर्मी, पैरामिलिट्री फोर्स, पुलिस, होमगार्ड, प्रेस कर्मी और कार्यक्रम देखने आने वाले नागरिकों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों में खड़े करने होंगे। रेंजर ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज और सर्वे चौक के पास स्थित काबुल हाउस को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है। यहां वाहन पार्क करने के बाद सभी को पैदल दून लाइब्रेरी के आगे बने प्रवेश द्वार से परेड ग्राउंड में प्रवेश करना होगा।
धर्मपुर, दर्शन लाल चौक और दून चौक की ओर से आने वाले वाहनों को रेंजर ग्राउंड पार्किंग में भेजा जाएगा, जबकि सर्वे चौक की ओर से आने वाले वाहन मंगला देवी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्क होंगे। पासधारकों और वरिष्ठ अधिकारियों के वाहनों के लिए डूंगा हाउस और स्मार्ट सिटी ग्राउंड में विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
विक्रम और सिटी बसों के लिए डायवर्जन
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विक्रम और सिटी बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है। रायपुर, धर्मपुर, आईएसबीटी, प्रेमनगर और राजपुर रोड से आने वाले विक्रमों को निर्धारित स्थानों से वापस मोड़ा जाएगा। इसी तरह सिटी बसों को घंटाघर, दर्शन लाल चौक, एमकेपी चौक और सहस्त्रधारा क्रॉसिंग के माध्यम से वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
बैरियर और सुरक्षा व्यवस्था
परेड ग्राउंड के चारों ओर आउटर और इनर बैरियर लगाए जाएंगे। आउटर बैरियर ईसी रोड, बुद्धा चौक, दर्शन लाल चौक और पैसिफिक तिराहे पर रहेंगे, जहां सीमित संख्या में केवल वीआईपी और पासधारक वाहनों को अनुमति दी जाएगी। इनर बैरियर रोजगार तिराहा, कनक चौक और लैंसडाउन चौक पर स्थापित होंगे।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आम नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है और सभी से अनुरोध है कि वे तय पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।



