देहरादून, 11 नवम्बर 2024: जिलाधिकारी सविन बंसल ने महिला सुरक्षा और शहर की जन समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह और अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ शहर का दुपहिया वाहन से निरीक्षण किया। इस संयुक्त निरीक्षण में उन्होंने राजपुर रोड से घंटाघर, आराघर, रिस्पना पुल, आईएसबीटी, लालपुल, सहारनपुर चौक और प्रिंस चौक समेत विभिन्न क्षेत्रों में यातायात और जनसुविधाओं का जायजा लिया।
महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने गांधी पार्क, एमकेपी चौक और लालपुल के पास पिंक बूथ और पिंक टॉयलेट बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, जिन स्थानों पर यातायात लाइट मरम्मत की आवश्यकता है और जिन चौराहों पर नए लाइट लगनी हैं, उन पर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश भी दिया गया।
आईएसबीटी और रिस्पना पुल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या पर जिलाधिकारी ने एनएच और लोक निर्माण विभाग से विस्तृत प्लान और जल्द समाधान की मांग की है। आईएसबीटी चौक पर सड़क चौड़ीकरण और ड्रेनेज व्यवस्था के लिए डीएम ने भूमि अधिग्रहण और प्रोजेक्ट प्लान को भी मंजूरी के लिए प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
इस निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने शहर के सौंदर्यीकरण, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, और पार्किंग व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने और जलभराव से निपटने की तैयारी अगले मानसून से पहले पूरी करने के आदेश दिए गए हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, एसपी यातायात मुकेश कुमार और लोक निर्माण, एनएच सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



