Uttarakhand Congress: 2027 चुनाव से पहले संगठन में बड़ा फेरबदल, कई नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी
Major organizational reshuffle ahead of 2027 elections, several leaders assigned new responsibilities
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजीव महर्षि के मुताबिक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व और निर्देशों के तहत यह फैसला लिया गया है। पदाधिकारियों को उनकी संगठनात्मक क्षमता, अनुभव और कार्यकुशलता के आधार पर अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित संपर्क बनाए रखने और पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की अपेक्षा की है। उन्हें जनसंपर्क अभियान, धरना-प्रदर्शन, जन आंदोलन और संगठनात्मक बैठकों में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इसके साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं की समस्याओं और सुझावों को प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
जिलों और महानगरों के लिए नियुक्त किए गए प्रभारी
कांग्रेस ने कई वरिष्ठ नेताओं को जिला स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। धीरेंद्र प्रताप को पौड़ी गढ़वाल, दर्शन लाल को हरिद्वार ग्रामीण, संजय जैन को रुड़की ग्रामीण, संजय पालीवाल को पछवादून और सतीश नैनवाल को ऊधम सिंह नगर की जिम्मेदारी दी गई है। मधु को रुद्रपुर सिटी, हेमंत को अल्मोड़ा और राजेंद्र पाल को चंपावत का जिला सह-प्रभारी बनाया गया है।
प्रदेश महासचिवों को भी अलग-अलग क्षेत्रों का प्रभार सौंपा गया है। नीरज त्यागी को पुरोला, अभिषेक सिंह को उत्तरकाशी, वीरेंद्र पोखरियाल को टिहरी, राकेश राणा को देवप्रयाग, दीप शर्मा को रुद्रप्रयाग और नवीन जोशी को चमोली की जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा राकेश लाल को कोटद्वार ग्रामीण, अनिल भास्कर को कोटद्वार शहर, नरेंद्र राणा को हरिद्वार सिटी और राव शेर मोहम्मद को रुड़की शहर का प्रभारी बनाया गया है।
वहीं, विजय गुनसोला को देहरादून सिटी, अरविंद प्रधान को परवादून, सुमित्तर भुल्लर को काशीपुर सिटी, शोभा बिष्ट को हल्द्वानी सिटी और गणेश उपाध्याय को नैनीताल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संदीप को रानीखेत, पुष्कर जैन को बागेश्वर, संजय को पिथौरागढ़ और राजेंद्र को डीडीहाट का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
विभागों और प्रकोष्ठों का भी बंटवारा
प्रदेश उपाध्यक्ष विजय सारस्वत को घोषणापत्र, सूर्यकांत धस्माना को एनएसयूआई और युवा कांग्रेस तथा लालचंद शर्मा को सैनिक विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मनोज रावत को एसआईआर कमेटी का अध्यक्ष, सीपी सिंह को अनुसूचित जाति विभाग और अनुपम शर्मा को प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा सुजाता पॉल को रचनात्मक कांग्रेस, इंदु मान को किसान कांग्रेस, सुखविंदर कौर को राजीव गांधी पंचायत राज संगठन, हाजी सर्बरयार खान को अल्पसंख्यक विभाग और संतोष चौहान को महिला कांग्रेस का प्रभार सौंपा गया है। संजय सैनी को लीगल सेल, पूर्व विधायक हेमेश को महात्मा गांधी नरेगा सेल, पूर्व विधायक राजकुमार को नगर निकाय सेल और राजीव महर्षि को प्रचार एवं प्रकाशन की जिम्मेदारी दी गई है।
गणेश गोदियाल ने स्पष्ट किया कि जिन पदाधिकारियों को फिलहाल जिम्मेदारी नहीं मिली है, उन्हें आगे कार्य आवंटित किया जाएगा। इन नियुक्तियों के जरिए कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपने संगठनात्मक ढांचे को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की तैयारी में है।

