उत्तर प्रदेश का एक गांव ‘No Tobacco Village’ घोषित
तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत कार्यक्रम का वृहद आयोजन किया गया

मेरठ/उत्तर प्रदेश: मेरठ का एक गांव तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है. यहां का कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार के टोबैको प्रोडक्ट्स का उपयोग नहीं करता. मेरठ के ग्राम पंचायत नंगली किठौर, ब्लॉक माछरा को उत्तर प्रदेश का प्रथम तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया गया है. राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत नंगली किठौर में तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत कार्यक्रम का वृहद आयोजन किया गया.
निदेशक(स्वास्थ्य) ने जनपद के अन्य ग्राम पंचायतों को भी नंगली किठौर को मॉडल रूप में दिखाते हुए तंबाकू मुक्त कराए जाने हेतु अनुरोध किया है. जिला पंचायत अध्यक्ष एवं मुख्य विकास अधिकारी ने इस कार्य के लिए गांववालों की प्रशंसा की. सभी को भविष्य में भी ग्राम पंचायत को तंबाकू मुक्त रखने की अपील की गई. कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम प्रधान बृजबाला शर्मा ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से जिला प्रशासन, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के सहयोग से इस मुहिम में सभी गांव वालों ने हिस्सा लिया और अब विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करते हुए ग्राम पंचायत नंगली किठौर को तम्बाकू मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया गया है.



