टाइम्स ऑफ इंडिया कॉन्क्लेव-2025: सीएम धामी बोले, “युवाओं के हित में सिर झुका भी सकता हूँ और सिर कटा भी सकता हूँ”
Times of India Conclave-2025: CM Dhami said, "I can bow my head or even get my head chopped off for the sake of the youth."
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून में आयोजित टाइम्स ऑफ इंडिया कॉन्क्लेव-उत्तराखंड चैप्टर 2025 में हिस्सा लिया और राज्य के विकास, रोजगार, नकल विरोधी कानून और भविष्य की चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर उन्होंने साफ कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार इस दिशा में निर्णायक कदम उठा रही है।
मोदी सरकार के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण
सीएम धामी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने बताया, “आज भारत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की नीति के साथ विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।” मध्यम वर्ग को कर राहत, जीएसटी सुधार और उद्योगों को प्रोत्साहन जैसी पहलों से समाज के सभी वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं।
भर्ती घोटाले और नकल माफियाओं पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री ने हाल ही में सामने आए नकल प्रकरण पर चर्चा करते हुए कहा कि जैसे ही मामला सामने आया, सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर SIT गठित की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने के लिए युवाओं के बीच भ्रम फैला रहे थे।
सीएम ने स्पष्ट किया, “मैंने स्वयं छात्रों से मिलकर आश्वासन दिया कि मामले की सीबीआई जांच कराई जाएगी। हमारी सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है।”
युवाओं को रोजगार और नकल माफियाओं पर शिकंजा
धामी ने बताया कि पिछले चार वर्षों में 25,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया। उन्होंने कहा, “हम किसी भी कीमत पर युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। मैं युवाओं के हित में सिर झुका भी सकता हूँ और सिर कटा भी सकता हूँ।”
चारधाम यात्रा और पर्यटन योजनाएँ
सीएम धामी ने बताया कि इस वर्ष आपदाओं के बावजूद अब तक 45 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पूरी कर सुरक्षित लौट चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब राज्य में “शीतकालीन यात्रा” भी शुरू की गई है, जिससे श्रद्धालु और पर्यटक सर्दियों में भी धार्मिक और पर्यटन स्थलों का आनंद ले सकेंगे।
आगामी महाकुंभ और नंदा देवी राजजात
धामी ने कहा कि सरकार वर्ष 2026 में नंदा देवी राजजात यात्रा और 2027 में हरिद्वार में महाकुंभ को भव्य बनाने हेतु कार्य कर रही है। ये आयोजन धार्मिक दृष्टि के साथ-साथ राज्य की पहचान और अर्थव्यवस्था को भी नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे।
औद्योगिक विकास और निवेश
सीएम ने कहा कि राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए नीति सुधार और आधारभूत ढांचे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड आने वाले वर्षों में औद्योगिक विकास में नई ऊँचाइयों को छुएगा।
कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा सहित मीडिया और अन्य क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियाँ मौजूद रहीं। इस कॉन्क्लेव में राज्य के विकास मॉडल, रोजगार, पर्यटन और उद्योग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई।
सीएम धामी के संबोधन ने यह संदेश दिया कि उत्तराखंड सरकार पारदर्शिता, सुशासन और युवाओं के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। चाहे भर्ती प्रक्रियाएँ हों, धार्मिक आयोजन या औद्योगिक विकास—राज्य हर क्षेत्र में मजबूती से आगे बढ़ रहा है

