रुद्रपुर में लगेगा बंपर रोजगार मेला, 35 कंपनियां 1500 युवाओं को देंगी सुनहरा मौका
A massive job fair will be held in Rudrapur, where 35 companies will offer golden opportunities to 1500 young people.
उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक खुशखबरी है। राज्य सरकार रजत जयंती वर्ष के अवसर पर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से 11 नवंबर 2025 को रुद्रपुर के जिला सेवायोजन कार्यालय में एक दिवसीय बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में देश की 35 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और लगभग 1500 से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगी।
युवाओं को मिलेगा सुनहरा अवसर
इस मेले में मैन्युफैक्चरिंग, मार्केटिंग, हेल्थकेयर, फार्मा, हॉस्पिटैलिटी और सर्विस सेक्टर की नामी कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियां ऑन-स्पॉट साक्षात्कार के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को स्थायी और सम्मानजनक रोजगार मिले, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
ऐसे कर सकते हैं भागीदारी
जो युवा इस रोजगार मेले में हिस्सा लेना चाहते हैं, उन्हें पहले नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल — www.ncs.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा।
उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल और छाया प्रतियां, आधार कार्ड, बायोडाटा और दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर आना होगा।
इस मेले में 8वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर, आईटीआई और डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गापाल ने बताया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का मार्ग व्यय नहीं दिया जाएगा।
पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियां
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग ने पिछले पांच वर्षों में 74 रोजगार मेले आयोजित किए हैं, जिनसे 1081 युवाओं को रोजगार मिला है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 10 छोटे रोजगार मेले लगाए जा चुके हैं, जिनमें 126 युवाओं को नौकरी दी गई है।
वर्तमान में उधम सिंह नगर जिले में 43,638 बेरोजगार अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जिन्हें अब इस मेले से नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री धामी की पहल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर युवा को कौशल आधारित प्रशिक्षण और रोजगार का अवसर मिले।
धामी सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, और यह मेला उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
स्थापना दिवस पर रोजगार का उत्सव
गौरतलब है कि 9 नवंबर 2025 को उत्तराखंड अपनी स्थापना का 25वां वर्ष (रजत जयंती वर्ष) मना रहा है।
इस मौके पर राज्यभर में अनेक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, जिनमें यह रोजगार मेला युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।
सरकार का मानना है कि ऐसे आयोजन प्रदेश के युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।

