उत्तराखंड

क्रिसमस–न्यू ईयर पर कॉर्बेट गुलजार, टाइगर रिजर्व से नैनीताल तक होटल-रिसॉर्ट्स फुल

Corbett National Park is bustling during Christmas and New Year, with hotels and resorts from the tiger reserve to Nainital fully booked

रामनगर: क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर देश-विदेश से उमड़ रही पर्यटकों की भीड़ ने कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और आसपास के पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार दे दी है। हालात यह हैं कि 25 दिसंबर और 31 दिसंबर को लेकर कॉर्बेट के सभी प्रमुख पर्यटन जोनों में बने रात्रि विश्राम कक्ष पूरी तरह बुक हो चुके हैं। वहीं कॉर्बेट लैंडस्केप से जुड़े 200 से अधिक रिसॉर्ट्स और सरोवर नगरी नैनीताल के होटलों में भी लगातार एडवांस बुकिंग हो रही है, जिससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।

कॉर्बेट के सभी जोनों में नाइट स्टे फुल

जिम कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के सबसे लोकप्रिय ढिकाला जोन में कुल 41 कमरे उपलब्ध हैं, जिनमें ढिकाला कैंप, सुल्तान, गैरल, खिनानौली और सर्फदुली क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा 20 डॉरमेट्री की सुविधा भी मौजूद है। क्रिसमस और न्यू ईयर को देखते हुए ढिकाला जोन के सभी कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं।

इसके साथ ही बिजरानी जोन के 7, झिरना के 4, ढेला के 2, पाखरो के 2 और सोननदी जोन के 2 कमरे भी 25 और 31 दिसंबर के लिए पूरी तरह पैक हैं। कॉर्बेट पार्क के आठ सफारी जोनों में से ढिकाला, बिजरानी, झिरना, ढेला और दुर्गादेवी पर्यटकों के बीच सबसे अधिक लोकप्रिय बने हुए हैं।

ऑनलाइन बुकिंग और रिसॉर्ट्स में जबरदस्त मांग

कॉर्बेट के कुछ जोन जैसे झिरना, ढेला और गर्जिया पूरे साल खुले रहते हैं, जबकि अन्य जोन मानसून के दौरान बंद रहते हैं। पर्यटक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से डे सफारी और नाइट स्टे की ऑनलाइन बुकिंग कर रहे हैं। इधर, कॉर्बेट के आसपास स्थित रिसॉर्ट्स और होटल भी क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा जश्न

होटल कारोबारियों के अनुसार, पर्यटकों के लिए दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। मन्नू महारानी होटल के जीएम चंदर सती ने बताया कि पर्यटकों को उत्तराखंड की संस्कृति से रूबरू कराने के लिए कुमाऊंनी व्यंजन, लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही कई रिसॉर्ट्स में लाइव म्यूजिक और एंटरटेनमेंट शो भी रखे गए हैं।

बॉलीवुड कलाकारों की मौजूदगी बढ़ाएगी आकर्षण

कुछ होटलों ने क्रिसमस और 31 दिसंबर के लिए बॉलीवुड सिंगर्स और कलाकारों को भी आमंत्रित किया है, जिससे उत्सव का माहौल और खास बन गया है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि मानसिंह ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कार्यक्रम सरकारी गाइडलाइन के तहत आयोजित किए जाएंगे।

पर्यटन कारोबार को मिलेगा बड़ा फायदा

हरि मानसिंह के अनुसार, रामनगर और नैनीताल में लगातार बढ़ रही बुकिंग से पर्यटन उद्योग को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। इस सीजन में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंचने की संभावना है, जिससे होटल, रिसॉर्ट्स के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी रोजगार और आय के अवसर मिलेंगे।

कुल मिलाकर, जंगल सफारी, पहाड़ों की ठंड, सांस्कृतिक रंग और स्थानीय स्वाद के साथ कॉर्बेट, रामनगर और नैनीताल इस बार भी पर्यटकों को यादगार क्रिसमस और नववर्ष का अनुभव देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button