2027 विधानसभा चुनाव से पहले टिकट को लेकर बढ़ी खींचतान, मुन्ना ढेक ने दी निर्दलीय चुनाव लड़ने की चेतावनी
Intensifying tussle over election tickets ahead of the 2027 assembly polls; Munna Dhek threatens to contest as an independent candidate.

देहरादून/लोहाघाट: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच चंपावत जिले की लोहाघाट विधानसभा सीट पर कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। बुधवार को कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और सांसद कुमारी सैलजा के लोहाघाट दौरे के दौरान पार्टी के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक और विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के समर्थक आमने-सामने आ गए। यह पूरा घटनाक्रम कुमारी सैलजा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुआ।
लोहाघाट के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से जनसभा आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग पहुंचे थे। हालांकि, जनसभा के दौरान पार्टी की एकजुटता दिखाने की कोशिश के बीच आपसी मतभेद भी सामने आ गए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विवाद और बढ़ गया, जिसके चलते कुछ समय के लिए वहां तनावपूर्ण माहौल बन गया।
मंच पर बोलने का मौका नहीं मिलने से नाराज हुए मुन्ना ढेक के समर्थक
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता मनोहर सिंह ढेक उर्फ मुन्ना ढेक अपने समर्थकों के साथ जनसभा में पहुंचे थे। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों को जुटाया था। लेकिन मंच से उन्हें संबोधित करने का अवसर नहीं दिया गया। इसके अलावा उनके समर्थकों का आरोप है कि उन्हें किसी वरिष्ठ नेता को सम्मानित करने का मौका भी नहीं मिला।
इस बात से मुन्ना ढेक के समर्थक नाराज हो गए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान और उसके बाद अपनी नाराजगी जाहिर की। देखते ही देखते मुन्ना ढेक और विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। स्थिति ऐसी बन गई कि वहां धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। वरिष्ठ नेताओं को भी इस घटनाक्रम के बीच असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।
2027 में टिकट मिला तो निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे मुन्ना ढेक
विवाद के बाद कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। उनका कहना था कि उन्होंने पार्टी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए काफी मेहनत की और बड़ी संख्या में लोगों को जनसभा तक पहुंचाया। इसके बावजूद उन्हें मंच पर सम्मान नहीं दिया गया और अपनी बात रखने तक का अवसर नहीं मिला।
मुन्ना ढेक ने लोहाघाट विधानसभा सीट से आगामी चुनाव में अपनी दावेदारी के संकेत देते हुए स्पष्ट कहा कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में खुशाल सिंह अधिकारी को कांग्रेस का टिकट दिया जाता है, तो वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनके इस बयान के बाद लोहाघाट में कांग्रेस की टिकट की राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कुमारी सैलजा ने कार्यकर्ताओं को दी एकजुट रहने की नसीहत
जनसभा में हुए विवाद को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। यदि किसी कार्यकर्ता या नेता को संगठन से संबंधित कोई शिकायत है, तो उसे पार्टी नेतृत्व के सामने उचित तरीके से रखना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए मिलकर काम करने की अपील की। सैलजा का कहना था कि पार्टी की मजबूती के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का एकजुट रहना जरूरी है।
कांग्रेस की चुनावी तैयारियों के बीच बढ़ी मुश्किलें
कुमारी सैलजा का उत्तराखंड दौरा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रही है और संगठन की स्थिति का जायजा ले रही है। पार्टी का उद्देश्य चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और भाजपा सरकार के खिलाफ जनसमर्थन जुटाना है।
लेकिन लोहाघाट में सामने आई गुटबाजी ने पार्टी के सामने एक नई चुनौती खड़ी कर दी है। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के अलावा मुन्ना ढेक और जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल की राजनीतिक सक्रियता के बीच टिकट को लेकर खींचतान की चर्चा भी तेज है।
फिलहाल, लोहाघाट की जनसभा में हुआ विवाद कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा कर गया है। अब देखना होगा कि प्रदेश नेतृत्व इस नाराजगी को किस तरह दूर करता है और 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल कैसे स्थापित किया जाता है।

