मसूरी में ऐतिहासिक कंपनी गार्डन अब ‘अटल उद्यान’, अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण
The historic Company Garden in Mussoorie is now renamed 'Atal Udyan', and a grand unveiling of a life-size statue of Atal Bihari Vajpayee has taken place.
मसूरी: उत्तराखंड की पर्यटन नगरी मसूरी में ऐतिहासिक कंपनी गार्डन का नाम परिवर्तित कर ‘अटल उद्यान’ किए जाने के बाद रविवार को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उत्तराखंड निर्माण में अटल जी की निर्णायक भूमिका
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच और दृढ़ राजनीतिक संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने पहाड़ी क्षेत्रों की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक जरूरतों को समझते हुए अलग राज्य की मांग को साकार किया। मंत्री जोशी ने बताया कि पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल के प्रयासों से अंग्रेजी शासनकाल के नाम ‘कंपनी गार्डन’ को बदलकर ‘अटल उद्यान’ किया गया और अब उसी स्थल पर अटल जी की प्रतिमा की स्थापना मसूरी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने नागरिकों से अटल जी के सुशासन, राष्ट्रसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
गुलामी के प्रतीकों से मुक्ति पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि मसूरी आज स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही है, क्योंकि गुलामी के दौर की पहचान रहे नामों को हटाकर राष्ट्रनायकों के नाम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब यह स्थल अटल उद्यान के नाम से जाना जाएगा और यहां लगी अटल जी की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देती रहेगी।
कांग्रेस पर तीखा हमला
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह जनता तय करेगी कि कौन किस परंपरा का प्रतिनिधि है। उन्होंने दावा किया कि देवभूमि की जनता ने हमेशा लोकतांत्रिक तरीके से सही नेतृत्व को चुना है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के नाम परिवर्तन को लेकर कांग्रेस अनावश्यक विवाद खड़ा कर रही है।
मतदाता सूची और जनगणना पर बड़ा बयान
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि केंद्र सरकार लोकतंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विदेशी नागरिकों को मतदाता बनने का कोई अधिकार नहीं दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि उत्तराखंड में शीघ्र ही जनगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। ‘मेरी गणना, मेरा गांव’ अभियान के तहत प्रवासियों से अपने गांव आकर नाम दर्ज कराने की अपील की गई।
मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत
कार्यक्रम के समापन पर महेंद्र भट्ट ने संकेत दिए कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के समग्र विकास और जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



