उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में तेजी, GSDP और प्रति व्यक्ति आय में सुधार
Uttarakhand's economy booms, GSDP and per capita income improve
देहरादून: उत्तराखंड में वर्ष 2024-25 के आर्थिक सर्वेक्षण में राज्य की अर्थव्यवस्था में लगातार सुधार की तस्वीर सामने आई है। प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि राज्य की सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) 2024-25 में ₹3,81,889 करोड़ तक पहुँच गई, जबकि वर्ष 2021-22 में यह ₹2,54,000 करोड़ थी। इसी अवधि में प्रति व्यक्ति आय 1,94,670 रुपए से बढ़कर 2,73,921 रुपए हो गई।
कृषि और दुग्ध उत्पादन में बढ़ोतरी
सर्वेक्षण के अनुसार राज्य में दुग्ध उत्पादन में सुधार हुआ है। वर्ष 2021-22 में प्रतिदिन 50.92 लाख लीटर दूध उत्पादन होता था, जो 2024-25 में बढ़कर 54.59 लाख लीटर हो गया। इसके साथ ही मछली उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जो 7,325 टन से बढ़कर 10,487 टन प्रति वर्ष हो गई।
उद्योग और MSME क्षेत्र में विकास
एमएसएमई क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वर्ष 2021-22 में 59,798 छोटे और मध्यम उद्योग थे, जो 2024-25 में बढ़कर 79,394 हो गए। इस क्षेत्र में रोजगार पाने वालों की संख्या भी 3,43,922 से बढ़कर 4,56,605 हो गई। राज्य में बड़ी उद्योगों की संख्या 107 से बढ़कर 128 हो गई है।
शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार
शिक्षा क्षेत्र में प्रगति दिख रही है। प्राइमरी स्कूलों में ड्रॉपआउट दर 1.64% से घटकर 1.41% हो गई, जबकि सेकेंडरी स्कूलों में यह 7.65% से घटकर 4.59% हो गई। कॉलेजों की संख्या 124 से बढ़कर 139 और इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 20 से बढ़कर 52 हो गई। स्वास्थ्य क्षेत्र में शिशु मृत्यु दर 22 से घटकर 20 और मातृ मृत्यु दर 103 से घटकर 91 हो गई।
ऊर्जा और आधारभूत संरचना
विद्युत उत्पादन 5,157 मिलियन यूनिट से बढ़कर 16,500 मिलियन यूनिट हुआ। सौर ऊर्जा उत्पादन भी 439 मेगावाट से बढ़कर 1,027 मेगावाट पहुंच गया। राज्य की सड़कों की कुल लंबाई 50,393 किमी से बढ़कर 51,278 किमी हो गई और हेलीपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 7 हो गई।
पर्यटन और आवासीय विकास
राज्य में होटलों की संख्या 8,225 से बढ़कर 10,509 हो गई, जबकि होमस्टे की संख्या 3,935 से बढ़कर 6,161 हो गई। इस बढ़ोतरी ने पर्यटन क्षेत्र को मजबूती प्रदान की है।
आर. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि राज्य में निरंतर विकास की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। 2026-27 के लिए GSDP 8.2% तक बढ़ने का अनुमान है।

