उत्तराखंड में मौसम फिर लेगा करवट, बारिश–ओलावृष्टि और बर्फबारी को लेकर अलर्ट
The weather in Uttarakhand is set to change again; an alert has been issued regarding rain, hailstorms, and snowfall.
देहरादून: उत्तराखंड में 23 जनवरी को हुई बर्फबारी के बाद बीते कुछ दिनों से मौसम शांत बना हुआ था, लेकिन अब एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार और बुधवार को राज्य के कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार इस दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
ऑरेंज अलर्ट के साथ बढ़ी चिंता
मौसम विभाग ने 27 और 28 जनवरी को उत्तराखंड के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक इन दिनों मध्यम से तेज बारिश, ओलावृष्टि और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसका सीधा असर बागवानी, कृषि और खड़ी फसलों पर पड़ने की आशंका है। खासतौर पर ओलावृष्टि से सेब, आड़ू और अन्य फलों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में ज्यादा रहेगा असर
27 जनवरी को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 28 जनवरी को नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आएगी, जिससे ठंड और बढ़ सकती है और सड़कों पर फिसलन की स्थिति भी बन सकती है।
येलो अलर्ट वाले जिलों को भी सतर्क रहने की सलाह
ऑरेंज अलर्ट के अलावा कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 27 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं 28 जनवरी को उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, हरिद्वार, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है।
महीने के अंत तक ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 29 जनवरी को मौसम की सक्रियता कुछ कम हो सकती है। इस दिन कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। 30 जनवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि 31 जनवरी को फिर से ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें। किसान और बागवान अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं, क्योंकि आने वाले दिनों में मौसम का यह बदलाव नुकसानदायक साबित हो सकता है।

