
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ाने में लगातार सक्रिय रहते हैं। वे जहां भी दौरे पर जाते हैं, वहां सुबह की सैर (मॉर्निंग वॉक) करने के साथ स्थानीय लोगों से संवाद भी करते हैं। अपनी इसी दिनचर्या को जारी रखते हुए, सीएम धामी ने देहरादून स्थित सरकारी आवास में बेटे के साथ क्रिकेट खेलते हुए कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की।
क्रिकेट के जरिए फिटनेस और अनुशासन का संदेश
एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए सीएम धामी ने लिखा “व्यस्त दिनचर्या के बीच आज बेटे के साथ क्रिकेट खेला। अनुशासित जीवनशैली और नियमित व्यायाम ही स्वस्थ जीवन का आधार है। हमें नई पीढ़ी को किसी न किसी खेल में रुचि लेने और नियमित रूप से खेलने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।”
उनकी यह पहल फिट इंडिया मूवमेंट को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं और बच्चों को खेल और शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करने का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री आवास बना क्रिकेट ग्राउंड
सीएम धामी की क्रिकेट खेलने की ये तस्वीरें उनके देहरादून स्थित सरकारी आवास की हैं, जो अपनी अनोखी पहाड़ी शैली की बनावट और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। यह आवास देहरादून की हरी-भरी वादियों में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसी आवास के लॉन में बेटे के साथ क्रिकेट खेलकर लोगों को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
फिटनेस के प्रति सीएम धामी की सक्रियता
सीएम धामी अक्सर अपनी फिटनेस और अनुशासन को लेकर चर्चा में रहते हैं। वे खुद को स्वस्थ रखने के लिए सुबह की सैर, व्यायाम और खेलकूद को अपनी दिनचर्या का अहम हिस्सा बनाए रखते हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपने अधिकारियों को भी फिटनेस से जुड़ी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए थे, ताकि उत्तराखंड में फिटनेस को लेकर जागरूकता बढ़े और लोग एक सक्रिय जीवनशैली अपनाएं।
फिटनेस और युवाओं को प्रेरित करने का प्रयास
सीएम धामी का यह कदम न केवल फिट इंडिया मूवमेंट को मजबूती देने वाला है, बल्कि यह युवाओं और बच्चों के लिए भी एक प्रेरणा है। उनकी यह पहल स्वस्थ भारत और फिट भारत की दिशा में एक मजबूत संदेश देती है कि खेलकूद और व्यायाम केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि एक स्वस्थ जीवन की कुंजी है।

