Uttarkashi Fire: उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, 30 से ज्यादा लकड़ी के मकान जलकर राख, 58 परिवार प्रभावित
Massive blaze in Pawani village, Uttarkashi, over 30 wooden houses reduced to ashes, 58 families affected.

Uttarkashi Fire News: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। मोरी विकासखंड की हरकीदून घाटी स्थित पवाणी (पंवाणी) गांव में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई लकड़ी के मकान इसकी चपेट में आ गए। शुरुआती जानकारी में करीब 30 मकानों के जलने की बात सामने आई थी, जबकि प्रशासनिक जानकारी के अनुसार आग से 33 आवासीय भवन पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। इस घटना से 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। गांव में आग लगने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक घर से शुरू हुई आग ने लिया विकराल रूप
जानकारी के मुताबिक, पवाणी गांव में मंगलवार शाम करीब 4:45 बजे एक आवासीय मकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले ग्रामीण बुद्धि सिंह के घर में लगी थी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
लकड़ी से बने मकान एक-दूसरे के काफी नजदीक होने के कारण आग ने तेजी से आसपास के भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
इस दौरान गांव में पांच से सात रसोई गैस सिलिंडर फटने की भी सूचना मिली। सिलिंडरों में हुए विस्फोट के कारण आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया।
33 मकान जलकर राख, पंचायत भवन और स्कूल को भी नुकसान
इस अग्निकांड में 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। इसके अलावा गांव के पंचायत भवन और एक प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के कारण 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। कई परिवारों के सामने अब रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल इस घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु या पशुहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
दुर्गम क्षेत्र होने से राहत-बचाव कार्य में चुनौती
पवाणी गांव की भौगोलिक स्थिति दुर्गम होने के कारण राहत और बचाव दलों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। मोरी तहसील मुख्यालय से गांव की दूरी करीब 55 से 60 किलोमीटर बताई गई है। इसके अलावा सड़क से आगे पैदल रास्ता भी तय करना पड़ता है।
घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की टीमों को मौके के लिए रवाना किया। स्थानीय ग्रामीण भी आग बुझाने और प्रभावित परिवारों की मदद करने में जुटे रहे।
सीएम धामी ने दिए राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश
उत्तरकाशी के पवाणी गांव में हुए अग्निकांड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन से घटना और राहत कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ उनके लिए भोजन, अस्थायी आवास, चिकित्सा सुविधा और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने को कहा है। इसके अलावा नुकसान का जल्द आकलन कर पात्र परिवारों को नियमानुसार मुआवजा और राहत राशि देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने घर और जरूरी सामान खोने के बाद दोबारा सामान्य जीवन शुरू करने की है। प्रशासन के सामने फिलहाल राहत पहुंचाने और प्रभावित लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था करना प्राथमिकता है।