उत्तराखंड

शीतकालीन यात्रा और विंटर गेम्स के बीच उत्तराखंड करेगा बड़ा पर्यटन आयोजन, फरवरी में होगा टूरिज्म कॉन्क्लेव

Uttarakhand will host a major tourism event between the winter travel season and the Winter Games, with a tourism conclave scheduled for February.

उत्तराखंड में इन दिनों शीतकालीन यात्रा पूरे जोर पर है. नए साल की शुरुआत के साथ ही राज्य नेशनल विंटर गेम्स की मेजबानी की तैयारी में भी जुटा है. इसी कड़ी में पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग फरवरी माह में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन करने जा रहा है. यह आयोजन राज्य के पर्यटन इतिहास में एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है.

पहली बार उत्तराखंड में आयोजित होगा अंतरराष्ट्रीय टूरिज्म कॉन्क्लेव

उत्तराखंड पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि फरवरी में प्रस्तावित यह इंटरनेशनल टूरिज्म कॉन्क्लेव राज्य के 25 साल के इतिहास में पहली बार आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में पर्यटन विभाग शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए देशभर में रोड शो कर रहा है. इसके साथ ही यह कॉन्क्लेव उत्तराखंड को वर्ल्ड टूरिज्म मैप पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.

देश-विदेश के टूर ऑपरेटर होंगे शामिल

पर्यटन सचिव के अनुसार, इस कॉन्क्लेव में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर ऑपरेटर, होटल इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिनिधि, ट्रैवल एजेंसियां और पर्यटन क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल होंगे. इसमें ऑल इंडिया टूर ऑपरेटर एसोसिएशन, होटल एसोसिएशन के सदस्य और इनबाउंड टूरिज्म से जुड़े लोग भी अपनी भागीदारी निभाएंगे. कॉन्क्लेव के माध्यम से उत्तराखंड में पर्यटन की नई संभावनाओं, निवेश के अवसरों और आधुनिक तकनीकों पर व्यापक चर्चा की जाएगी.

पर्यटन की बदलती जरूरतों पर होगा मंथन

कॉन्क्लेव के दौरान बदलते दौर में पर्यटन के स्वरूप, डिजिटल तकनीक, सतत पर्यटन और अनुभव आधारित ट्रैवल जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा. पर्यटन सचिव ने कहा कि उत्तराखंड में धार्मिक, साहसिक, वेलनेस और नेचर टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है. इससे राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा.

शीतकालीन यात्रा का भी किया आह्वान

पर्यटन सचिव ने देश और दुनिया के पर्यटकों से शीतकालीन यात्रा के दौरान उत्तराखंड आने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस समय जहां मैदानी इलाकों में कोहरा और ठंड लोगों को परेशान कर रही है, वहीं उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटक गुनगुनी धूप, साफ मौसम और शांत वातावरण का आनंद ले सकते हैं. शीतकालीन यात्रा से न केवल पर्यटन सीजन को विस्तार मिल रहा है, बल्कि स्थानीय व्यापार और होटल उद्योग को भी संजीवनी मिल रही है.

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

फरवरी में होने वाला यह इंटरनेशनल टूरिज्म कॉन्क्लेव उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस आयोजन से राज्य को वैश्विक पर्यटन बाजार में नई पहचान मिलेगी और आने वाले वर्षों में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button