रानीखेत की सुबह में मुख्यमंत्री धामी का जनसंवाद, विकास और भरोसे का संदेश
Chief Minister Dhami's public interaction in Ranikhet this morning conveyed a message of development and trust.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनपद अल्मोड़ा के दो दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री ने रानीखेत में मॉर्निंग वॉक कर आमजन से सीधे संवाद स्थापित किया. मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान को लेकर लोगों से फीडबैक लिया. स्थानीय लोगों ने इस अभियान की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया और सरकार के प्रति भरोसा जताया.
मॉर्निंग वॉक बना संवाद का मंच
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दौरे के दौरान नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक के माध्यम से आमजन से मिलने के लिए जाने जाते हैं. अल्मोड़ा दौरे के दौरान भी उन्होंने इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रानीखेत में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों से बातचीत की. लोगों ने सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को लेकर अपने अनुभव साझा किए. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के जरिए शासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता लगातार मजबूत हो रही है.
समस्याओं के समाधान को दी जा रही प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं को समझकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से सीधा संवाद शासन को वास्तविक स्थिति से अवगत कराता है, जिससे नीतियों को और प्रभावी बनाया जा सकता है. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है.
पर्यटकों से भी की मुलाकात, अनुभव जाना
मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री की मुलाकात दिल्ली से आए पर्यटकों से भी हुई. उन्होंने शीतकालीन यात्रा के अनुभवों के बारे में जानकारी ली. पर्यटकों ने अल्मोड़ा और रानीखेत की प्राकृतिक सुंदरता, शांति और व्यवस्थाओं की सराहना की. मुख्यमंत्री ने इस सकारात्मक फीडबैक को उत्साहवर्धक बताते हुए कहा कि इससे पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलती है.
अल्मोड़ा आगमन पर भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री धामी के अल्मोड़ा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और जनपद के विकास से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं. इन घोषणाओं से जिले में बुनियादी ढांचे और खेल सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने खेलों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम, अल्मोड़ा में खिलाड़ियों के लिए 50 बेड क्षमता वाले छात्रावास के निर्माण की घोषणा की. इसके अलावा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए 400 करोड़ रुपये की लागत से अल्मोड़ा-पौड़ी-रुद्रप्रयाग सड़क तथा 922 करोड़ रुपये की लागत से अल्मोड़ा-बागेश्वर सड़क चौड़ीकरण परियोजना को स्वीकृति दी गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि जिले के समग्र विकास को भी गति मिलेगी.
मुख्यमंत्री का यह दौरा जनसंवाद, विश्वास और विकास के संकल्प का प्रतीक बनकर सामने आया है.

