सांसद खेल महोत्सव से लेकर विकास योजनाओं तक, मुख्यमंत्री धामी ने अल्मोड़ा को दी कई सौगातें
From the MP Sports Festival to development projects, Chief Minister Dhami gave several gifts to Almora.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ कर युवाओं में खेल भावना और उत्साह का संचार किया. हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में आयोजित इस महोत्सव में करीब 900 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया. मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित किया और खेलों को युवाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का सशक्त माध्यम बताया.
फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का उद्घाटन, खिलाड़ियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया. इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट और वरिष्ठ कोच लियाकत अली खान को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं, ऐसे में सरकार का दायित्व है कि उन्हें बेहतर संसाधन और मंच उपलब्ध कराए.
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि सोबन सिंह जीना मेडिकल इंस्टीट्यूट में 100 नई एमबीबीएस सीटों और 36 आईसीयू बेड की सुविधा जोड़ी गई है. इसके साथ ही बेस अस्पताल में कार्डियक केयर यूनिट शुरू होने से हृदय रोगियों को जिला स्तर पर ही उन्नत उपचार मिल रहा है. महिला चिकित्सालय के उन्नयन के लिए 5 करोड़ रुपये की परियोजना पर भी कार्य प्रगति पर है.
धार्मिक पर्यटन और शहरी विकास को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत जागेश्वर धाम सहित जिले के प्रमुख मंदिरों के विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन को गति मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी. वहीं शहरी समस्याओं के समाधान के लिए अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने हेतु 21 पार्किंग परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है. युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से अल्मोड़ा में नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना को भी एक अहम सामाजिक कदम बताया गया.
खेल अधोसंरचना को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री ने खेल सुविधाओं के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में 50 बेड क्षमता वाला छात्रावास बनाया जाएगा. इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट का पुनर्निर्माण और नया हैंडबॉल कोर्ट तैयार किया जाएगा. जीआईसी खेल मैदान में हॉकी और फुटबॉल के लिए दिन-रात उपयोग योग्य आर्टिफिशियल मैदान का निर्माण भी प्रस्तावित है.
सड़क, कनेक्टिविटी और खेल भविष्य की बड़ी योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बीते चार वर्षों में 250 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है. अल्मोड़ा-पौड़ी-रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा-बागेश्वर सड़कों के चौड़ीकरण से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी. उड़ान योजना के तहत शुरू हुई हेली सेवा से पर्यटन और आपात सेवाओं को मजबूती मिलेगी. साथ ही राज्य में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू कर आठ शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी, जिससे उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी.



