उत्तराखंड

हल्द्वानी में कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, आलोक शर्मा का दावा- 2027 से पहले ही हो सकती है सीएम धामी की विदाई

Congress launches its election campaign in Haldwani; Alok Sharma claims CM Dhami could be ousted even before 2027.

हल्द्वानी। उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा रविवार को एक दिवसीय दौरे पर हल्द्वानी पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखे हमले करते हुए दावा किया कि कांग्रेस पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

कार्यकर्ताओं में जोश भरने पहुंचे केंद्रीय नेता

हल्द्वानी पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आलोक शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आलोक शर्मा ने कहा कि चुनावी तैयारी को लेकर कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व पूरी तरह सक्रिय है और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की विफलताओं को उजागर करें।

राज्य सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

मीडिया से बातचीत में आलोक शर्मा ने राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के मुद्दे अलग होते हैं और विधानसभा चुनाव में राज्य के स्थानीय मुद्दे ही निर्णायक भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार झूठ की राजनीति कर रही है और खनन माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस आने वाले समय में राज्य सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को जनता के सामने बेनकाब करेगी।

खनन, बेरोजगारी और पलायन बनेगा बड़ा मुद्दा

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि उत्तराखंड में अवैध खनन, पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, पलायन और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों ने जनता को परेशान कर रखा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इन सभी सवालों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। आलोक शर्मा ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और भाजपा सरकार से ऊब चुकी है।

सीएम धामी की विदाई का दावा

आलोक शर्मा ने बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि यह संभव है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विदाई हो जाए। उन्होंने कहा कि सरकार के भीतर असंतोष और जनता का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है, जिसका असर आने वाले समय में साफ दिखाई देगा।

केंद्र सरकार की योजनाओं पर भी निशाना

केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए आलोक शर्मा ने कहा कि मनरेगा जैसी योजनाओं की आत्मा खत्म कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाम तो वही है, लेकिन योजना को ‘पैसा बचाओ योजना’ बना दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की नई नीतियों का नकारात्मक असर भविष्य में जनता को झेलना पड़ेगा।

एकजुट कांग्रेस का संदेश

दौरे के अंत में आलोक शर्मा ने दोहराया कि कांग्रेस उत्तराखंड में पूरी तरह संगठित है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को कड़ी चुनौती देने के लिए तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने और बदलाव का संदेश देने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button