उत्तराखंड

क्रिसमस, न्यू ईयर और मसूरी विंटर कार्निवल को लेकर पुलिस अलर्ट, जारी हुआ विस्तृत ट्रैफिक व पार्किंग प्लान

Police are on high alert for Christmas, New Year, and the Mussoorie Winter Carnival; a detailed traffic and parking plan has been released.

आगामी क्रिसमस, नववर्ष और मसूरी विंटर कार्निवल को लेकर देहरादून पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। इस दौरान बड़ी संख्या में देश के विभिन्न राज्यों से पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है, बल्कि देहरादून शहर और मसूरी के लिए विस्तृत यातायात और पार्किंग प्लान भी लागू किया है, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए तय किए गए रूट

दिल्ली, रुड़की और सहारनपुर से मोहंड होते हुए मसूरी जाने वाले पर्यटकों के लिए आशारोड़ी, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर, गढ़ी कैंट, जोहड़ी गांव और कुठाल गेट के रास्ते मसूरी पहुंचने की व्यवस्था की गई है। वहीं, हरिद्वार और ऋषिकेश से जोगीवाला मार्ग होकर आने वाले वाहनों को रिंग रोड, आईटी पार्क और मसूरी डायवर्जन के जरिए कुठाल गेट से मसूरी भेजा जाएगा। वापसी के दौरान मसूरी से देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को अलग-अलग डायवर्जन से निकाला जाएगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।

मसूरी में विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन व्यवस्था

विंटर वीकेंड, क्रिसमस और विंटर कार्निवल के दौरान मसूरी में अतिरिक्त यातायात दबाव को देखते हुए विशेष डायवर्जन लागू किए जाएंगे। टिहरी बस अड्डे से देहरादून की ओर आने वाले वाहनों को सिविल अस्पताल की तरफ मोड़ा जाएगा। लंढौर क्षेत्र में रात्रि प्रवास करने वाले पर्यटकों के वाहन एमडीडीए पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। लाइब्रेरी चौक, पिक्चर पैलेस, माल रोड और कैमल बैक रोड पर आवश्यकता अनुसार वन-वे और डायवर्जन लागू रहेंगे। भारी वाहनों का दिन में मसूरी में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

मसूरी में चिन्हित पार्किंग स्थल

पर्यटकों की सुविधा के लिए पिक्चर पैलेस, लंढौर रोड, कैंपटी टैक्सी स्टैंड, टाउन हॉल, किंग क्रेग, मसूरी के होटल परिसर, कंपनी गार्डन रोड और बस अड्डा क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

देहरादून शहर के लिए भी अलग ट्रैफिक प्लान

देहरादून शहर में पैसिफिक मॉल, घंटाघर और राजपुर रोड पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में आईटी पार्क, जोहड़ी गांव और अन्य वैकल्पिक मार्गों से यातायात डायवर्ट किया जाएगा। रेंजर्स ग्राउंड, परेड ग्राउंड, पुराना रोडवेज बस अड्डा, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और एमडीडीए पार्किंग को प्रमुख पार्किंग स्थलों के रूप में चिन्हित किया गया है।

नववर्ष पर सख्त प्रतिबंध और पुलिस की अपील

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 30 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक दोपहर 2 बजे से सुबह 5 बजे तक शहर के आंतरिक और बाहरी मार्गों पर विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे। आपातकालीन सेवाओं को छूट दी जाएगी। एसएसपी अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अनावश्यक हॉर्न न बजाएं और शराब पीकर वाहन न चलाएं, ताकि सभी सुरक्षित और आनंदमय त्योहार मना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button