उत्तराखंड

हरिद्वार में 2027 अर्द्धकुंभ से पहले बनेगा अत्याधुनिक सीसीआर टॉवर, छत पर होगा राज्य का पहला सरकारी हेलीपैड

A state-of-the-art CCR tower will be built in Haridwar before the 2027 Ardh Kumbh, with the state's first government helipad on its roof.

हरिद्वार: 2027 अर्धकुंभ मेले की तैयारियों को देखते हुए हरिद्वार में सीसीआर टॉवर को विस्तारित किया जा रहा है। रोड़ीबेलवाला मैदान में पुराने सीसीआर टॉवर के समानांतर एक नई अत्याधुनिक बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। इस बिल्डिंग की खासियत यह होगी कि इसकी छत पर उत्तराखंड का पहला सरकारी हेलीपैड बनाया जाएगा, जहां हेलीकॉप्टर न केवल लैंड कर सकेंगे बल्कि उड़ान भी भर पाएंगे। लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को हाई पावर कमेटी की स्वीकृति मिल चुकी है।
बुधवार को यूकाडा की टीम ने हेलीकॉप्टर से साइट का सर्वे कर संभावनाओं का आकलन किया।

चार मंजिला नई बिल्डिंग, मेला प्रबंधन की सभी तकनीकी इकाइयां होंगी शिफ्ट

मेला प्रशासन के अनुसार, प्रस्तावित नई बिल्डिंग चार मंजिलों की होगी और पूरी तरह हाई-टेक सुविधाओं से लैस रहेगी। इसमें मेला प्रबंधन से जुड़ी तकनीकी, सुरक्षा और कम्युनिकेशन इकाइयों को शिफ्ट करने की योजना है।
हेलीपैड की स्थिति ऐसी होगी कि हेलीकॉप्टर सीधे सीसीआर टॉवर के ऊपर लैंड कर सकेगा, जिससे आपात स्थितियों में त्वरित पहुंच संभव हो पाएगी तथा शहर के व्यस्त मार्गों और कुंभ क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।

आपातकालीन सेवाओं के लिए बड़ा फायदा

यह हेलीपैड न केवल वीआईपी मूवमेंट बल्कि मेडिकल इमरजेंसी और रेस्क्यू ऑपरेशन में भी अहम साबित होगा। किसी बड़े हादसे या आपदा की स्थिति में मरीजों को तुरंत एयरलिफ्ट कर देहरादून या अन्य बड़े मेडिकल सेंटर्स में भेजा जा सकेगा।
इसे देखते हुए प्रशासन इस प्रोजेक्ट को कुंभ मेले की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है।

डिज़ाइन और सुरक्षा प्रबंधन की पड़ताल पूरी

अपर कुंभ मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बताया कि नई बिल्डिंग के डिज़ाइन, सुरक्षा व्यवस्थाओं और हेलीपैड तक पहुंचने के मार्गों का विस्तृत निरीक्षण किया गया है। यूकाडा की टीम ने तकनीकी जानकारियां जुटाने के साथ-साथ आसमान में हवाई मार्गों की भी जांच की है।
भवन की संरचना हेलीकॉप्टर संचालन के मानकों के अनुरूप बनाई जाएगी ताकि भविष्य में कोई तकनीकी बाधा न आए।

हरिद्वार में अब तक नहीं था सरकारी हेलीपैड

गौरतलब है कि हरिद्वार में अभी तक कोई सरकारी हेलीपैड मौजूद नहीं है। वीआईपी हेलीकॉप्टर गुरुकुल या भेल हेलीपैड पर ही उतरते हैं। वहीं भल्ला कॉलेज का हेलीपैड क्रिकेट स्टेडियम में बदल चुका है।
बढ़ती जरूरतों और अर्धकुंभ मेले की विशाल तैयारियों को देखते हुए नया हेलीपैड बनाना अनिवार्य माना जा रहा है। बुधवार को पूरे दिन सर्वे के दौरान हेलीकॉप्टर की आवाज़ें आसमान में गूंजती रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button