खटीमा–मझोला जर्जर हाईवे पर शुरू हुआ काम, सीएम धामी की फटकार के बाद मिली रफ्तार
Work on the dilapidated Khatima-Majhola highway has begun, gaining momentum after a rebuke from CM Dhami.
खटीमा: कई सालों से बदहाली का शिकार खटीमा–मझोला राष्ट्रीय राजमार्ग आखिरकार मरम्मत और पुनर्निर्माण की दिशा में आगे बढ़ गया है। गुरुवार शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किए जाने और अधिकारियों को कड़ी फटकार के बाद एनएच विभाग ने शुक्रवार सुबह निर्माण कार्य शुरू करा दिया। इससे लंबे समय से परेशान स्थानीय लोगों में राहत और उम्मीद की नई किरण जगी है।
सीएम धामी के निरीक्षण के बाद बदला हालात
गुरुवार को खटीमा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने जर्जर हाईवे की स्थिति देखकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सड़क निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग हो और कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि जनता को और अधिक असुविधा न झेलनी पड़े। सीएम की इस कड़ी कार्रवाई का असर यह रहा कि महीनों से लंबित पड़े निर्माण कार्य पर अगले ही दिन काम शुरू हो गया।
गड्ढों और धूल से त्रस्त थे हजारों यात्री
खटीमा–मझोला मार्ग का 12–13 किलोमीटर हिस्सा पिछले कई वर्षों से अत्यंत खराब स्थिति में था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, धूल के बादल और लगातार होने वाली दुर्घटनाएं यात्रियों और ग्रामीणों के लिए भारी परेशानी का कारण बनी हुई थीं। दर्जनों गांवों के लोग लंबे समय से इस मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग उठा रहे थे, लेकिन टेंडर होने के बावजूद काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था।
हरियाणा की निर्माण कंपनी ने संभाला मोर्चा
एसकेएस कंस्ट्रक्शन व कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, हरियाणा को इस सड़क के सुधार का कार्य सौंपा गया है। साइट इंजीनियर भुवन गहतोड़ी के अनुसार पहले चरण में मिलिंग मशीन के जरिए स्क्रेपिंग कार्य चल रहा है। दूसरे चरण में मझोला से चारूबेटा तक 9 किलोमीटर डब्ल्यूएमएम बिछाया जाएगा। इसके बाद मझोला से खटीमा तक 13 किलोमीटर हिस्से में डीबीएम और फिर बीसी की परत डाली जाएगी। पूरा कार्य लगभग 4 से 5 महीनों में पूर्ण होने की उम्मीद है।
स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों ने जताया संतोष
नगर पालिका अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सड़क निर्माण शुरू हो गया है और जल्द ही इस जर्जर सड़क की तस्वीर बदल जाएगी। ग्रामीणों ने भी राहत की सांस लेते हुए सीएम धामी के हस्तक्षेप के लिए धन्यवाद जताया।
सियासत से विकास की राह की ओर
खटीमा–मझोला राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब हालत पिछले कई वर्षों से भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र रही है। कांग्रेस सरकार को घेरती रही, जबकि भाजपा जल्द काम शुरू करने के दावे करती रही। आखिरकार मुख्यमंत्री धामी के कड़े निर्देशों ने इस मुद्दे पर लगी राजनीतिक गर्माहट को शांत कर दिया और सड़क निर्माण को नई दिशा दी।
यह कदम न केवल स्थानीय जनता के लिए बड़ा राहतभरा है, बल्कि क्षेत्र की विकास प्रक्रिया को भी नई गति देने वाला साबित होगा।

