देहरादून, 25 नवंबर 2024: सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम और यातायात को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर ONGC चौक सहित शहर के अन्य चौराहों पर सड़क सुधारीकरण का कार्य तेजी से प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने विगत सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित विभागों को निर्देश दिए थे कि सड़क को मानक के अनुरूप सुव्यवस्थित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को समाप्त किया जा सके।
डीएम द्वारा स्वीकृत 30 लाख रुपये की धनराशि के अंतर्गत, चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर जेब्रा क्रॉसिंग, थ्री-डी स्पीड ब्रेकर और अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। ONGC चौक पर गति अवरोधकों के निर्माण के चलते अब यहां गाड़ियों की रफ्तार नियंत्रित हो रही है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव प्रस्तुत कर युद्धस्तर पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत न केवल सड़क सुरक्षा बल्कि चौराहों का सौंदर्यीकरण भी प्राथमिकता पर किया जा रहा है।
रेखीय विभाग द्वारा कार्य प्रगति पर है, और मानकों के अनुरूप सड़क को सुगम और सुरक्षित बनाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क निर्माण और सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



