उत्तराखंड

उत्तराखंड के उत्पादों को मिलेगी ग्लोबल पहचान, 13,802 करोड़ पहुंचा निर्यात; देहरादून में FTA पर मंथन

Uttarakhand’s products to gain global recognition; exports reach ₹13,802 crore, FTA discussed in Dehradun

देहरादून: उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों और छोटे उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। शुक्रवार को देहरादून में मुक्त व्यापार समझौतों (Free Trade Agreements-FTA) को लेकर राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के उद्यमियों, निर्यातकों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को विदेशी बाजारों में कारोबार बढ़ाने के अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाना और निर्यात की संभावनाओं को मजबूत करना रहा।

देहरादून में आयोजित हुई राज्य स्तरीय कार्यशाला

भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) के क्षेत्रीय प्राधिकरण, दिल्ली और उत्तराखंड सरकार के उद्योग निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। होटल हयात सेंट्रिक में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला का विषय ‘Leveraging Free Trade Agreements’ रखा गया।

कार्यक्रम में प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते उत्तराखंड के उद्यमियों और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इन समझौतों के माध्यम से भारतीय उत्पादों को कई विदेशी बाजारों में शून्य या कम सीमा शुल्क पर प्रवेश के अवसर मिलते हैं। इससे निर्यातकों को दूसरे देशों में अपने उत्पाद प्रतिस्पर्धी कीमतों पर बेचने में मदद मिल सकती है।

13,802 करोड़ रुपये तक पहुंचा उत्तराखंड का निर्यात

कार्यशाला के दौरान मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रदेश के निर्यात से जुड़े आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड का निर्यात वर्ष 2017-18 में 10,836 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

प्रदेश के निर्यात में औषधि निर्माण, इंजीनियरिंग उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक और हर्बल उत्पादों के साथ हस्तशिल्प क्षेत्र का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ व्यापार समझौते प्रदेश के उत्पादों के लिए नए अवसर पैदा कर सकते हैं।

स्थानीय उत्पादों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय बाजार

उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज और हिमाद्री जैसे ब्रांड के माध्यम से भी प्रयास किए जा रहे हैं। इनके जरिए स्थानीय हस्तशिल्प, ऐपण कला, मोटे अनाज और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने की योजना है।

मंत्री ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला औद्योगिक परिसर बनाया जा रहा है। किच्छा के खुरपिया में 1,100 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर विकसित करने की योजना भी शामिल है।

FTA के नियमों और निर्यात के तरीकों की दी जानकारी

कार्यशाला में भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित वर्मा और विदेश व्यापार के अपर महानिदेशक निखिल वर्मा ने प्रतिभागियों को मुक्त व्यापार समझौतों की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने सीमा शुल्क में मिलने वाली छूट, उत्पादों के मूल देश से जुड़े नियम (Rules of Origin) और निर्यात संवर्धन मिशन के बारे में जानकारी दी।

तकनीकी सत्रों में कृषि, प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प, इंजीनियरिंग और सेवा क्षेत्र में निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा हुई। उद्योग विभाग के अधिकारियों ने निर्यात नीति के तहत मिलने वाले वित्तीय प्रोत्साहनों, गुणवत्ता प्रमाणन और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं की जानकारी भी दी।

उद्यमियों और निर्यातकों ने रखे सुझाव

कार्यक्रम में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, भारतीय उद्योग परिसंघ (CII), इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद और एपीडा सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

संवाद सत्र के दौरान उद्यमियों ने निर्यात प्रक्रिया और विदेशी बाजारों तक पहुंच से जुड़ी समस्याओं पर अधिकारियों के सामने अपने सवाल और सुझाव रखे। सरकार का उद्देश्य इन सुझावों के आधार पर प्रदेश के उद्योगों और एमएसएमई क्षेत्र को अधिक सक्षम बनाना है। इससे स्थानीय कारोबार को विस्तार मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने की भी उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!