‘विकसित भारत के संकल्प का दस्तावेज़ है केंद्रीय बजट 2026-27’- सीएम पुष्कर सिंह धामी
'The Union Budget 2026-27 is a document embodying the resolve for a developed India,' says CM Pushkar Singh Dhami.
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि आने वाले दशकों के लिए देश के विकास की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है। सीएम धामी के अनुसार, बजट में वर्तमान आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं को भी संतुलित रूप से शामिल किया गया है।
किसान, युवा और नारी शक्ति बजट के केंद्र में
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट देश के किसान, युवा, नारी शक्ति और वंचित वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें अवसरों का विस्तार, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा और हर वर्ग के उत्थान की ठोस योजना दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस समावेशी विकास पर है, ताकि समाज का कोई भी वर्ग विकास की मुख्यधारा से पीछे न रह जाए।
आर्थिक गति और सामाजिक संतुलन दोनों को मिलेगा बल
सीएम धामी ने कहा कि बजट में रक्षा, कृषि, अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और नवाचार जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रावधान देश की आर्थिक गति को तेज करेंगे।
साथ ही, ये प्रावधान सामाजिक संतुलन बनाए रखने और समावेशी विकास को मजबूती देने में भी अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था ही सशक्त समाज की नींव होती है।
पर्वतीय राज्यों के लिए ट्रेकिंग ट्रेल्स बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ट्रेकिंग ट्रेल्स के विकास की घोषणा को दूरदर्शी पहल बताया।
उन्होंने कहा कि इससे पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों की आजीविका मजबूत होगी। युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
‘विकसित भारत @ 2047’ की दिशा में निर्णायक कदम
सीएम धामी ने कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक निर्णायक प्रयास है। यह न केवल भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने में सहायक होगा, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता भी रखता है।
शिक्षा और शोध को लेकर बड़े ऐलान
मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में शिक्षा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। राष्ट्रीय डिज़ाइन संस्थान की स्थापना, औद्योगिक व लॉजिस्टिक कॉरिडोर के आसपास यूनिवर्सिटी टाउनशिप, हर ज़िले में छात्रावास और एस्ट्रोफिज़िक्स व एस्ट्रोनॉमी को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक टेलीस्कोप अवसंरचना की योजना शामिल है। उन्होंने कहा कि ये पहल देश के युवाओं के लिए ज्ञान, शोध और रोज़गार के नए द्वार खोलेंगी।

