देहरादून में भाजपा कोर ग्रुप की अहम बैठक, कई बड़े फैसलों पर हुई चर्चा
Important meeting of BJP core group in Dehradun, many big decisions discussed
देहरादून: शनिवार को राजधानी में भारतीय जनता पार्टी की कोर ग्रुप बैठक आयोजित की गई, जो कई मायनों में खास रही। इस बैठक में जहां एक ओर कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए, वहीं दो पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और तीरथ सिंह रावत की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। खास बात यह भी रही कि यह बैठक पहली बार प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी की गैरमौजूदगी में संपन्न हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री अजेय, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अनिल बलूनी, अजय टम्टा, माला राज्य लक्ष्मी शाह, अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और कल्पना सैनी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और धनसिंह रावत के साथ हरिद्वार विधायक मदन कौशिक की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए।
7 मार्च से प्रदेशभर में प्रशिक्षण अभियान
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी दी कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक प्रदेश के सभी मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। इन कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों, चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। सांसदों को भी प्रशिक्षण सत्रों में भेजा जाएगा, ताकि कार्यकर्ताओं को सीधे मार्गदर्शन मिल सके।
17 फरवरी को देहरादून में प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसी दिन मुख्यमंत्री आवास पर सभी प्रांतीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी तय किया गया है। जिलों से ग्राउंड स्तर की फीडबैक लेकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
चार साल पूरे होने पर बड़ा आयोजन
महेंद्र भट्ट ने बताया कि 23 मार्च को राज्य सरकार के चार साल पूरे होने जा रहे हैं। इस अवसर पर बड़े कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है, जिसमें डेढ़ से दो लाख कार्यकर्ताओं के शामिल होने का अनुमान है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या गृहमंत्री अमित शाह को आमंत्रित करने की योजना है। इसकी अंतिम रूपरेखा कोर कमेटी की अगली बैठक में तय की जाएगी।
मंत्रिमंडल विस्तार और दायित्वों पर चर्चा
बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठनात्मक दायित्वों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। केंद्रीय पर्यवेक्षक जेपी नड्डा के समक्ष इस विषय को रखा गया है और जल्द ही इस पर निर्णय की उम्मीद जताई गई है।
प्रदेश प्रभारी की अनुपस्थिति पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र में नई टीम के गठन के बाद प्रदेश प्रभारी को लेकर फैसला होगा। दुष्यंत गौतम अन्य कार्यक्रम में व्यस्त थे, जबकि सह-प्रभारी रेखा वर्मा पश्चिम बंगाल चुनाव में व्यस्त होने के कारण शामिल नहीं हो सकीं।



