रुद्रनाथ मंदिर के कपाट 18 मई को होंगे शुभारंभ, गोपीनाथ मंदिर से डोली रवाना
The doors of Rudranath temple will be inaugurated on May 18, Doli departs from Gopinath temple
चमोली: पंच केदारों में से एक चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ के मंदिर के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए 18 मई को ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए जाएंगे। इससे पहले आज 16 मई को शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर से भगवान रुद्रनाथ की चल विग्रह डोली विधिवत पूजा-अर्चना और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की ध्वनि के बीच उत्सवपूर्वक रवाना की गई।
लुल्टी बुग्याल में होगा रात्रि विश्राम, 17 मई को पहुंचेगी रुद्रनाथ
भगवान रुद्रनाथ की डोली पहले दिन लुल्टी बुग्याल पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। अगले दिन 17 मई को डोली कठिन हिमालयी यात्रा करते हुए रुद्रनाथ मंदिर पहुंचेगी। इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु और भक्त शामिल हैं, जो उत्सव और भक्ति के रंग में रंगे हुए नजर आए।
भारत का इकलौता मंदिर जहां भगवान शिव के मुख की होती है पूजा
रुद्रनाथ मंदिर की खासियत यह है कि यह भारत का एकमात्र ऐसा स्थान है जहां भगवान शिव के मुख स्वरूप की पूजा होती है। यह मंदिर लगभग 3600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और यहां तक पहुंचने के लिए सगर गांव से करीब 22 किमी का कठिन पैदल ट्रेक करना पड़ता है। यही कारण है कि यहां की यात्रा को अत्यंत पुण्यदायक और तपस्वी मानी जाती है।
शीतकाल में गोपीनाथ मंदिर में होती है भगवान रुद्रनाथ की पूजा
जब सर्दियों में रुद्रनाथ मंदिर के कपाट बंद हो जाते हैं, तो भगवान रुद्रनाथ की पूजा गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर में की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रुद्रनाथ को एकानन, पशुपतिनाथ (नेपाल) को चतुरानन और इंडोनेशिया में पंचानन स्वरूप में भगवान शिव के मुख के दर्शन होते हैं।
रुद्रनाथ कैसे पहुंचे?
यहां पहुंचने के लिए देश के किसी भी कोने से पहले ऋषिकेश आना होता है। यहां से सड़क मार्ग से चमोली जिले के गोपेश्वर तक लगभग 212 किमी की यात्रा करनी होती है। इसके बाद गोपेश्वर के पास सगर गांव से 22 किमी का पैदल ट्रेक कर रुद्रनाथ मंदिर तक पहुंचा जाता है। यह मार्ग बेहद कठिन और रोमांचक है, अतः श्रद्धालुओं को शारीरिक रूप से पूरी तैयारी के साथ आना चाहिए।
रुद्रनाथ यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि प्रकृति प्रेमियों और ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए भी एक अनूठा अनुभव प्रदान करती है।

