उत्तराखंड

स्वामी विवेकानंद जयंती पर देहरादून में स्वदेशी संकल्प दौड़, सीएम धामी ने युवाओं को दिखाई आत्मनिर्भर भारत की राह

On Swami Vivekananda's birth anniversary, a 'Swadeshi Sankalp Run' was held in Dehradun, where CM Dhami showed the youth the path to a self-reliant India.

स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राजधानी देहरादून में रविवार को स्वदेशी अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वदेशी संकल्प दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देहरादून के गांधी पार्क में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने स्वदेशी संकल्प दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं में स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक संगठन, स्वदेशी के क्षेत्र में कार्य कर रहे संस्थानों के प्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के प्रति जागरूक करना और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

स्वामी विवेकानंद को किया नमन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत की महान ऋषि परंपरा के ध्वजवाहक और युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवाओं के बीच आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यह दिन युवाओं की शक्ति, उनके संकल्प और उनकी असीम संभावनाओं पर विचार करने का अवसर प्रदान करता है। सीएम धामी ने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध कथन — “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” — का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विचार आज भी युवाओं के लिए एक मंत्र के समान है। विवेकानंद ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं को मजबूत नींव बताया था और आज भारत उन्हीं विचारों को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ रहा है।

युवाओं की ऊर्जा से बनेगा विकसित भारत

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश का केवल वर्तमान ही नहीं बल्कि भविष्य भी हैं। युवाओं की ऊर्जा, सोच और परिश्रम ही भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करेगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी संकल्प दौड़ सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में युवाओं का एक मजबूत कदम है। सीएम धामी ने बताया कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देशों में से एक है, जहां लगभग 65 प्रतिशत आबादी 42 वर्ष से कम उम्र की है। ऐसे में युवाओं की शक्ति भारत को वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और नवाचार के क्षेत्र में लगातार नए अवसर मिल रहे हैं।

रोजगार और नवाचार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में 27 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ स्वरोजगार और स्टार्टअप संस्कृति को भी बढ़ावा दे रही है, ताकि युवा आत्मनिर्भर बन सकें और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकें।

स्वदेशी के क्षेत्र में काम करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वदेशी के क्षेत्र में कार्य कर रहे विभिन्न संगठनों और उनके प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल उत्पादों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव है। जब हम स्वदेशी अपनाते हैं, तो हम देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देते हैं।

किसान मौत मामले पर सीएम का बयान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में किसान सुखवंत सिंह की मौत के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सीएम ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी तरह की लापरवाही या अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी।

मसूरी में भी मनाया गया राष्ट्रीय युवा दिवस

उधर, मसूरी में भी राष्ट्रीय युवा दिवस और स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी रोड स्थित किशनपुर तिराहे पर स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मोहक नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली चांदनी, स्मृति, मुस्कान, काजल और रूपा को कृषि मंत्री गणेश जोशी द्वारा सर्टिफिकेट और मेडल देकर सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को सकारात्मक दिशा दिखाते हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button