उत्तराखंड

दीपावली से पहले मोदी सरकार का तोहफा, जीएसटी स्लैब में बदलाव, आम जनता को बड़ी राहत

Modi government's gift before Diwali, change in GST slab, big relief to common people

देहरादून: दीपावली से पहले केंद्र सरकार ने आम लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में कई उत्पादों पर लगने वाला टैक्स कम कर दिया गया है। नए संशोधित जीएसटी स्लैब 22 सितंबर से पूरे देश में लागू होंगे। इस फैसले का स्वागत करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि यह कदम किसानों, छात्रों और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए राहत लेकर आया है।


सीएम धामी ने बताया ऐतिहासिक फैसला

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। 15 अगस्त को लाल किले से पीएम मोदी ने ऐलान किया था कि दीपावली से पहले जनता को राहत दी जाएगी। उसी वादे को निभाते हुए करीब 175 उत्पादों पर टैक्स दरों में बदलाव किया गया है। इनमें से कई वस्तुएं पूरी तरह जीएसटी मुक्त कर दी गई हैं। धामी ने कहा कि इस कदम से हर वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा और अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।


पूर्व वित्त मंत्री का बयान

उत्तराखंड के पूर्व वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने इस फैसले को जनता के लिए ऐतिहासिक राहत बताया। उन्होंने कहा कि अब जीएसटी व्यवस्था को सरल बनाते हुए केवल दो टैक्स स्लैब – 5% और 18% – रखे गए हैं। इससे एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और नए रोजगार अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत जीवन बीमा पर पहले 18 प्रतिशत जीएसटी लगता था, जिसे अब पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। इसी तरह छात्रों से संबंधित कॉपियां, पेंसिल, रबर, क्रेयॉन और शैक्षणिक सामग्री को भी जीएसटी फ्री कर दिया गया है।


जनता को मिलेगा सीधा फायदा

केंद्र सरकार के इस निर्णय से किसानों और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। दूध, छेना, पनीर, पहले से पैक रोटी, चपाती, पिज़्ज़ा ब्रेड और खाखरा जैसे खाद्य उत्पाद अब टैक्स से मुक्त हो गए हैं। इसके अलावा 33 जीवन रक्षक दवाओं, कैंसर और दुर्लभ बीमारियों के उपचार में उपयोग होने वाली दवाओं को भी जीएसटी फ्री कर दिया गया है। स्वास्थ्य बीमा और नीतियों को इस दायरे से बाहर रखने का फैसला भी आम लोगों को राहत देगा।


त्योहार से पहले मिली राहत

सरकार का मानना है कि इस कदम से आम जनता की जेब पर बोझ कम होगा और त्योहारों के सीजन में बाजार में रौनक बढ़ेगी। धामी ने कहा कि यह पहल न केवल आम लोगों को सीधी मदद देगी बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button