उत्तराखंड

उत्तराखंड में दो दर्दनाक सड़क हादसे, देहरादून और टिहरी में दो की मौत, तीन लोग घायल

Two tragic road accidents in Uttarakhand, two killed in Dehradun and Tehri, three injured

विकासनगर/टिहरी: बुधवार, 19 नवंबर को उत्तराखंड में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने प्रदेश को दहला दिया। देहरादून जिले के कालसी-धोइरा मोटर मार्ग पर यूटिलिटी वाहन के गहरी खाई में गिरने से जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, वहीं टिहरी जिले के नरेंद्रनगर थाना क्षेत्र में स्कूटी दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई।


पहला हादसा: कालसी-धोइरा मार्ग पर यूटिलिटी वाहन 200 मीटर खाई में गिरा

देहरादून जिले के कालसी तहसील क्षेत्र में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, यूटिलिटी वाहन सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कालसी से धोइरा गांव की ओर जा रहा था। बोलगा क्षेत्र के पास वाहन अचानक बेकाबू हो गया और लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

वाहन में ड्राइवर सहित तीन लोग सवार थे। हादसा इतनी भीषण था कि ड्राइवर राजेंद्र (45), पुत्र साधू निवासी धोइरा कालसी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य यात्री—धनु (52) पुत्र थेपडू निवासी निछिया कालसी और अनुज (32) पुत्र प्रताप सिंह निवासी धोइरा कालसी—गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। खाई में फंसे घायलों और मृतक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल कालसी अस्पताल भेजा गया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

एसआई नीरज कठैत ने बताया कि यूटिलिटी वाहन संख्या UK16CA0250 दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होने के कारण खाई में गिरा, लेकिन सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।


दूसरा हादसा: टिहरी में स्कूटी खाई में गिरी, युवक की मौत

टिहरी जिले के नरेंद्रनगर थाना क्षेत्र में भी बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। दुवाधार के पास एक स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर SDRF पोस्ट ढालवाला से SI सुरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। SDRF, फायर सर्विस और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर शव को गहरी खाई से बाहर निकाला और जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

मृतक की पहचान 34 वर्षीय शूरवीर सिंह पुंडीर, निवासी ग्राम सोनी हिंडोलाखाल, टिहरी के रूप में हुई है।


दोनों हादसों ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button